
इंदौर। शहर (Indore) में पिछले एक हफ्ते से लगातार सड़क हादसे (road accidents) हो रहे हैं। पिछले 24 घंटों की बात करें तो पांच लोग जान गंवा चुके हैं। प्रशासन (Administration) के लाख प्रयास के बावजूद हादसे रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। एक हफ्ते में दो दर्जन से अधिक लोग सड़क हादसों में मर चुके हैं। ये पांच घटनाए लसूड़िया, कनाड़िया, विजय नगर और आजाद नगर में हुई हैं।
कनाड़िया पुलिस ने बताया कि बिचौली रोड पर एक बाइक सवार को कोई वाहन वाला टक्कर मारकर भाग गया। इसमें बाइक सवार 40 वर्षीय अशोक पिता जगदीश निवासी अंबामूलिया की मौत हुई है। वह आइडिया की सिम बेचने का काम करता था। कल शाम को वह बिचौली से अंबामूलिया के लिए बाइक से निकला, तब कोई वाहन वाला उसे टक्कर मारकर भाग गया। पुलिस हादसे के जिम्मेदार वाहन चालक की तलाश कर रही है। उधर, विजय नगर पुलिस ने बताया कि सी-21 मॉल के सामने निकिता नामक युवती को कोई अज्ञात वाहन वाला टक्कर मारकर भाग गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। निकिता नरसिंहपुर की रहने वाली थी और निजी कंपनी में नौकरी करती थी। लसूड़िया इलाके के सैटेलाइट जंक्शन में एक युवक की ट्रेन से टकराने से मौत हो गई। उसकी पहचान नहीं हो पाई है। उधर, रात को ही लसूड़िया इलाके में शिवराज नामक युवक की भी सड़क हादसे में मौत हो गई। शिप्रा इलाके में सड़क हादसे में नारायण पिता मांगीलाल की मौत हो गई। सांवेर पुलिस ने बताया कि पंचडेरिया फाटे पर अजय पिता किशोरीलाल निवासी कालिंदी गोल्ड की सड़क हादसे में मौत हो गई।
बहन से मिलने भोपाल जा रहे दुकान संचालक की सड़क हादसे में मौत
बहन से मिलने भोपाल जा रहे विकलांग दुकान संचालक की सड़क हादसे में मौत हो गई। 35 साल के संजय पिता रमेश निवासी मूसाखेड़ी के शव का एमवाय अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया। वह मूसाखेड़ी इलाके में साइकिल की दुकान चलाता था। बताया जा रहा है कि कल दोपहर वह भोपाल में रहने वाली बहन से मिलने के लिए घर से निकला था। इसके बाद रोड पार करने के दौरान उसे किसी वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में संजय की मौत हो गई।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved