
डेस्क: न्यूजीलैंड से हार, साउथ अफ्रीका से हार. दोनों ही हार में क्लीन स्वीप. अपने घर पर टीम इंडिया ने पिछले दो सालों में ऐसी हार देखी है जिसे पचा पाना बेहद मुश्किल है. इन दो सीरीज हार के बाद गौतम गंभीर की काबिलियत पर सवाल खड़े होने लगे जबकि वो दो आईसीसी ट्रॉफी जिता चुके हैं. हालांकि टेस्ट सीरीज हारना सच में गंभीर बात है और इसे गौतम गंभीर भी मानते हैं. यही वजह है कि श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले गौतम गंभीर ने अपने खिलाड़ियों को एक खास चुनौती दी है.
बीसीसीआई ने गौतम गंभीर का एक वीडियो साझा किया है जिसमें हेड कोच ने टीम को खास चुनौती देते हुए उन्हें मोटिवेट किया है. गंभीर ने कहा, ‘दोस्तों हम जानते हैं कि हमारे सामने क्या है. हम जानते हैं कि हम किसलिए खेल रहे हैं. हम अपनी सीमाओं को पार कर सकते हैं, हम हर चुनौती का सामना कर सकते हैं. 15 तारीख की सुबह, चाहे हम पहले बल्लेबाजी करें या पहले गेंदबाजी करें, हम हर सवाल और हर चुनौती का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार हैं. इसलिए पूरी तैयारी रखें.’
गौतम गंभीर जानते हैं कि श्रीलंका में मुकाबला आसान नहीं होने वाला. खासतौर पर गॉल में जहां पहला टेस्ट खेला जाना है. गॉल श्रीलंका का गढ़ बना हुआ है. वहां उसे हराना बेहद मुश्किल है. गॉल में श्रीलंका के स्पिनर्स तबाही मचा सकते हैं और भारतीय बल्लेबाजों की कमजोरी ही स्पिनर्स रही है. यही वजह है कि कोलंबो में प्रैक्टिस के दौरान भारतीय बल्लेबाजों ने काफी समय स्पिनर्स का सामना करते हुए बिताया. बता दें अगर श्रीलंका में टीम इंडिया ने जीत हासिल नहीं की तो गौतम गंभीर पर जो सवाल खड़े हो रहे हैं वो और बड़े हो जाएंगे और फिर उनका भविष्य क्या होगा ये तो वक्त ही बताएगा. फिलहाल टीम इंडिया का मकसद प्रैक्टिस मैच में अच्छा प्रदर्शन करना होगा जिसका आगाज 7 अगस्त से कोलंबो में होगा.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved