
इंदौर। नगर निगम में यूनिपोल को लेकर एक बड़ी और व्यापक योजना तैयार करनी है। इसके अनुसार अब प्राइवेट जमीन पर भी यूनिपोल लगाने की अनुमति दी जाएगी। शहर के ट्रैफिक सिग्नल पर विज्ञापन लगाने का अधिकार देंगे। शहर में 70 नए जेंट्री गेट भी लगाए जाएंगे। इसके साथ ही पूरे शहर में 6100 बिजली के खम्भों पर विज्ञापन लगेंगे।
नगर निगम द्वारा राजस्व संग्रहण बढ़ाने के लिए कई योजनाओं पर एक साथ काम किया जा रहा है। इसके तहत विज्ञापन के माध्यम से राजस्व बढ़ाने के लिए चार प्रस्ताव तैयार किए गए हैं। अब इन चारों प्रस्ताव को मंजूरी के लिए महापौर परिषद की अगली बैठक में रखा जाएगा। उक्त प्रस्ताव में सबसे महत्वपूर्ण प्रस्ताव यह है कि अब नगर निगम निजी क्षेत्र को निजी जमीन पर यूनिपोल लगाने की भी अनुमति देगा। अभी तक तो नगर निगम द्वारा सरकारी जमीन पर खुद ही यूनिपोल लगाए गए हैं। इन यूनिपोल पर विज्ञापन का ठेका निगम द्वारा टेंडर के माध्यम से दिया जाता है।
यह एक अलग बात है कि पिछले काफी समय से ठेका नहीं दिए जाने के कारण बहुत सारे यूनिपोल खाली पड़े हुए हैं। अब निजी जमीन पर यूनिपोल लगाकर जमीन के मालिकों, विज्ञापन एजेंसियों को कमाई का मौका देने के साथ निगम खुद भी अपनी कमाई का रास्ता निकाल रहा है। राजस्व विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इसके साथ ही शहर के 22 प्रमुख चौराहों पर लगे ट्रैफिक सिग्नल पर भी विज्ञापन का अधिकार दिया जा रहा है। इसके लिए नगर निगम द्वारा टेंडर प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है। यह सभी वह चौराहे हैं, जहां यातायात का दबाव बहुत ज्यादा रहता है। ऐसे में इन चौराहों के ट्रैफिक सिग्नल पर विज्ञापन लगाने में विज्ञापन एजेंसियों की भी रुचि रहेंगी। इस स्थिति को ध्यान में रखते हुए नगर निगम द्वारा पहली बार ट्रैफिक सिग्नल पर भी विज्ञापन लगाने का अधिकार दिया जा रहा है। निगम के अधिकारियों ने बताया कि शहर में 70 नए जेंट्री गेट लगाने का भी प्रस्ताव तैयार किया गया है। इस तरह के गेट लगाए जाने से उन पर विज्ञापन के प्रदर्शन का अधिकार निगम दे सकेगा, जिससे कि निगम को अच्छा राजस्व प्राप्त हो सकेगा। अभी भी शहर में इस तरह के गेट मौजूद हैं। उनके माध्यम से निगम राजस्व अर्जित भी कर रहा है। इसके अलावा पूरे शहर में मुख्य मार्ग की सड़कों पर नगर निगम के 6100 बिजली के खम्भे लगे हुए हैं। इन खम्भों का सर्वे करने के बाद नगर निगम द्वारा यह देख लिया गया है कि विज्ञापन के लिए कौन से बिजली के खम्भे उपयोगी और महत्वपूर्ण हैं। ऐसे खम्भों को सूचीबद्ध कर लिया गया है। अब इन खम्भों पर भी विज्ञापन लगाने का अधिकार देने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। कदाचित यह पहला मौका होगा, जब नगर निगम द्वारा ट्रैफिक सिग्नल और बिजली के खम्भे पर विज्ञापन लगाने का अधिकार दिया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि शहर के प्रमुख मार्गों और मैन चौराहों के जरिए निगम कमाई का मार्ग ढूंढ रहा है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved