
इंदौर। इंदौर के चंदन नगर थाना क्षेत्र में 18 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान रानी के रूप में हुई है, जो नंदवदा पथ क्षेत्र की रहने वाली थी। परिजनों के मुताबिक शनिवार रात अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उसे उपचार के लिए एमवाय अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
रानी दसवीं कक्षा तक पढ़ी थी और इलाके की एक फैक्ट्री में काम करती थी। शनिवार को उसने परिवार के साथ खाना खाया और इसके बाद मोबाइल पर किसी से बातचीत करने के बाद सोने चली गई। देर रात उसकी मां ने उसकी तबीयत खराब देखी, जिसके बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस को जांच के दौरान युवती के हाथ पर एक युवक का नाम लिखा मिला है। बताया जा रहा है कि यह नाम उसने घटना से कुछ दिन पहले मेहंदी से अपने हाथ पर लिखा था। पुलिस ने मोबाइल फोन की जांच भी शुरू कर दी है और युवक के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की परिस्थितियों और संभावित प्रेम प्रसंग के एंगल से जांच कर रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved