img-fluid

ट्रंप ने माना- सीक्रेट सर्विस की सलाह पर बदला था विमान, बोले- ‘ईरान पर भरोसा करने वाला आखिरी व्यक्ति हूं’

August 12, 2026

वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने पुष्टि की है कि पिछले महीने तुर्किए से ब्रिटेन की यात्रा (Travel from Türkiye to Britain) के दौरान उन्होंने सुरक्षा कारणों से गुपचुप तरीके से अपना विमान बदला था। ट्रंप के मुताबिक, सीक्रेट सर्विस और अमेरिकी सेना की सलाह के बाद उन्हें दूसरे विमान में सफर करना पड़ा। उन्होंने कहा कि उन्हें किसी संभावित खतरे की पूरी जानकारी नहीं दी गई थी, लेकिन सुरक्षा अधिकारियों की सलाह को उन्होंने माना।

ट्रंप ने कहा, “वे लोग जो कहते हैं, मैं वही करता हूं। लगता है कोई खतरा था। मैंने ज्यादा कुछ नहीं पूछा। मुझे बहुत सारी धमकियां मिलती रहती हैं।” उन्होंने यह भी कहा कि किसी बड़े और प्रभावशाली राष्ट्रपति को धमकियां मिलना असामान्य नहीं है और वह खुद को अब तक का सबसे प्रभावशाली राष्ट्रपति मानते हैं।

एयरफोर्स वन से कुछ मिनट बाद बदला विमान

अमेरिकी मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, ट्रंप तुर्किए की राजधानी अंकारा में कैमरों के सामने एयरफोर्स वन में सवार हुए थे। हालांकि, कुछ ही मिनट बाद वह एक केटरिंग ट्रक की आड़ में छोटे सैन्य विमान C-32A में चले गए। ट्रंप अंकारा में नाटो शिखर सम्मेलन के लिए कतर से मिले नए बोइंग 747-8 विमान से पहुंचे थे, लेकिन वापसी यात्रा के लिए उन्होंने पुराने एयरफोर्स वन का इस्तेमाल करने की जानकारी सोशल मीडिया पर दी थी।

खास बात यह थी कि पुराने एयरफोर्स वन में मौजूद पत्रकारों को नहीं बताया गया कि राष्ट्रपति उस विमान में सवार नहीं होंगे। इस तरह एक तरह की डिकॉय फ्लाइट तैयार की गई। सुरक्षा कारणों से सीक्रेट सर्विस ने पत्रकारों को विमान की खिड़कियां बंद रखने को भी कहा था।

ईरान से जुड़े खतरे की आशंका

रिपोर्टों के मुताबिक, विमान बदलने की पूरी योजना ईरान से जुड़े एक गंभीर सुरक्षा खतरे की आशंका के बीच बनाई गई थी। न्यूयॉर्क टाइम्स और सीबीएस न्यूज ने पहले रिपोर्ट किया था कि खुफिया एजेंसियों को राष्ट्रपति या उनके विमान पर संभावित हमले की आशंका थी। इसके बाद ट्रंप की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया।

हालांकि, उस समय ट्रंप ने विमान को पहले ब्रिटेन भेजे जाने की अलग वजह बताई थी। उन्होंने कहा था कि नया विमान पहले इसलिए भेजा गया ताकि मिल्डेनहॉल एयरबेस पर तैनात अमेरिकी सैनिक उसे देख सकें। विमान बदलने की घटना सामने आने के बाद कतर से मिले नए विमान की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठे। इसके जवाब में ट्रंप ने कहा था कि विमान में अतिरिक्त सुरक्षा अपग्रेड किए जाएंगे।

पत्रकारों से छिपाकर दोबारा बदला गया विमान

मिल्डेनहॉल पहुंचने के बाद फोटोग्राफरों ने ट्रंप को विमान से उतरते हुए देखा। इससे स्पष्ट हुआ कि वह पत्रकारों की नजरों से दूर दोबारा पुराने एयरफोर्स वन में सवार हुए थे। इसके बाद उन्होंने इसी विमान से वॉशिंगटन के लिए उड़ान भरी।

यात्रा के दौरान पत्रकारों ने ट्रंप से पूछा कि क्या ईरान की ओर से कोई गंभीर खतरा था। इस पर उन्होंने कहा कि उन्हें लगातार धमकियां मिलती रहती हैं। ट्रंप ने ईरान पर भरोसा न करने की बात कहते हुए आरोप लगाया कि ईरान ने बार-बार झूठ बोला है।


  • ईरान और अमेरिका के बीच तनाव बरकरार

    ट्रंप के तुर्किए में रहने के दौरान अमेरिकी सेना ने ईरान पर कई हमले किए थे। इन हमलों को क्षेत्र में व्यापारिक जहाजों पर ईरान की ओर से किए गए हमलों का जवाब बताया गया था। वहीं ईरान अपनी मांगों से पीछे हटने को तैयार नहीं है।

    ईरान का कहना है कि अमेरिका पहले उसके बंदरगाहों की नाकाबंदी खत्म करे, इसके बाद ही वह होर्मुज जलडमरूमध्य को दोबारा खोलने पर विचार करेगा। यह महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग 28 फरवरी को इजरायल और अमेरिका की ओर से ईरान पर किए गए हमले के बाद बंद हुआ था। दुनिया की करीब 20 फीसदी तेल आपूर्ति इस मार्ग से होकर गुजरती है। इसके बंद होने के बाद वैश्विक तेल बाजार में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिला है।

    Share:

  • ट्रेन के AC वेंट में भरा मिला कचरा, वीडियो ने खोली यात्रियों की गंदी आदतों की पोल

    Wed Aug 12 , 2026
    नई दिल्ली। ट्रेन में सफर (Train Journey) के दौरान एसी की कूलिंग (AC cooling) कम होने या हवा ठीक से नहीं आने की शिकायत अक्सर सुनने को मिलती है। लेकिन क्या हो अगर एसी वेंट (AC vent) से ठंडी हवा के बजाय कचरा निकलने लगे? सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो ने ट्रेन में सफाई […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved