
नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने गुरुवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए संसद में उनकी अनुपस्थिति पर सवाल उठाया। प्रियंका गांधी ने कहा कि गृह मंत्री मानसून सत्र के आखिरी दिन संसद पहुंचे और वो भी सिर्फ वंदे मातरम गाने के लिए। विपक्षी दल लगातार संसद से पीएम मोदी और अमित शाह की अनुपस्थिति पर सवाल उठा रहे थे। आज संसद के दोनों सदन अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हो गए।
मीडिया से बात करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा, ‘गृह मंत्री आज आए, लेकिन सिर्फ वंदे मातरम गाने। पूरा सत्र बीत गया, लेकिन न तो प्रधानमंत्री और न ही गृह मंत्री सदन में उपस्थित रहे। ऐसे में ये लोकतंत्र और संसद कैसे चल सकती है?’
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, ‘वे संसद में आने के लिए तैया नहीं हैं। जब खुद प्रधानमंत्री हस्तक्षेप नहीं कर रहे हैं, जब गृह मंत्री नहीं आ रहे और ये नहीं कह रहे कि मैं अंदर था, मैं सुन रहा था- तो क्या आप यहां कमरे में बैठने आते हैं? सदन में आइए और हमारी बात सुनिए।’
खरगे ने आरोप लगाया कि सरकार लोकतंत्र को कमजोर कर रही है और संसद सदस्यों का मनोबल तोड़ रही है। खरगे ने कहा, ‘ये लोग लोकतंत्र को तबाह करना चाहते हैं। संसद सदस्यों का मनोबल तोड़ना चाहते हैं। उन्हें लगता है कि उनके सामने संसद कुछ नहीं है, वो ही सबकुछ हैं। लेकिन लोग इनके अहंकार को तोड़ेंगे।’
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved