
इंदौर। इंदौर के एरोड्रम थाना क्षेत्र में पुलिस ने 10 अगस्त को हुई महिला से हुई चेन स्नेचिंग की वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों तक पहुंच बनाई। आरोपियों से लूटी गई सोने की चेन और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है।
दरअसल इंदौर में कुछ दिन पहले एरोड्रम थाना क्षेत्र में एक महिला जैन मंदिर दर्शन के लिए जा रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार दो अज्ञात बदमाशों ने महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने पीयूष जैन और हिमांशु को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने वारदात करना स्वीकार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटी गई सोने की चेन और घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।
जांच में यह भी सामने आया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ चेन स्नेचिंग सहित अन्य आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। वही इस मामले में पीयूष जैन एरोड्रम थाना क्षेत्र के रहने वाला है जबकि हिमांशु शाजापुर का रहने वाला है और पीयूष एरोड्रम थाना क्षेत्र का हिस्ट्री शीटर है, इसी कारण से वह शाजापुर में पिछले कुछ समय से सक्रिय था और इस दौरान हिमांशु से उसकी मुलाकात हुई थी। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उन्होंने अन्य वारदातों को भी अंजाम दिया है या नहीं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved