
भोपाल। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के नरसिंहपुर (Narsinghpur) जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-45 पर पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा अचानक ढह जाने से भोपाल-जबलपुर मार्ग पर यातायात प्रभावित हो गया। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने मार्ग पर वाहनों की आवाजाही एकतरफा कर दी है। पुलिस और प्रशासन के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग-45 के पहाड़ी क्षेत्र में अचानक भूस्खलन हुआ, जिससे बड़ी मात्रा में चट्टानें और मिट्टी मुख्य सड़क पर आ गिरीं।
मलबे के कारण मार्ग का एक हिस्सा पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की टीम बुलडोजर और अन्य मशीनों के साथ मौके पर पहुंची। दुर्घटना की आशंका को देखते हुए तत्काल यातायात को नियंत्रित किया गया और वाहनों को सुरक्षित लेन से निकाला जाने लगा।
मलबा हटाने का काम जारी
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि सड़क से चट्टानें और मलबा हटाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। जिला प्रशासन का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी कारण पूरे मार्ग को बंद करने के बजाय एकतरफा यातायात व्यवस्था लागू की गई है। अधिकारियों ने वाहन चालकों से सावधानीपूर्वक और धीमी गति से वाहन चलाने की अपील की है। स्थिति सामान्य होने तक मार्ग पर अतिरिक्त पुलिस बल और सुरक्षा व्यवस्था तैनात रहेगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved