
केमांड्या: दक्षिण भारत के राज्य कर्नाटक केमांड्या जिले में एक चौंकाने वाली घटना घटी. श्रीरंगपट्टनम तालुक के गांव में एक मंदिर में तैनात महिला पुलिस सब-इंस्पेक्टर को विधायक की बेटी ने थप्पड़ मार दिया. ये घटना 12 अगस्त की बताई जा रही है. तुमकुर ग्रामीण निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा विधायक बी. सुरेश गौड़ा की बेटी ऐश्वर्या पर महिला पीएसआई को थप्पड़ मारने का आरोप है.
बुधवार 12 अगस्त को हरियाली अमावस्या के अवसर पर आरती के लिए उक्कड़ा स्थित प्रसिद्ध श्री लक्ष्मी नरसिम्हास्वामी मंदिर में हजारों श्रद्धालु पहुंचे थे. विधायक बी. सुरेश गौड़ा की बेटी ऐश्वर्या भी मंदिर में दर्शन के लिए आईं थीं. ऐश्वर्या ने अपने प्रभाव का इस्तेमाल करते हुए वीआईपी लाइन से प्रवेश प्राप्त किया और फिर गर्भगृह में घुसने की कोशिश की.
उस समय क्याथनहल्ली पुलिस स्टेशन की पीएसआई सविता, जो वहां सुरक्षा ड्यूटी पर थीं, ने विधायक की बेटी को रोका. पीएसआई सविता ने कहा, मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ गई है. आप गर्भगृह के अंदर नहीं जा सकतीं. हालांकि, उसी समय, यहां ड्यूटी पर तैनात सर्किल इंस्पेक्टर (सीआई) लक्ष्मी गर्भगृह में चली गईं. यह देखकर ऐश्वर्या ने पीएसआई पूछा, आपने उन्हें कैसे जानें दिया? इस पर पीएसआई सविता ने स्पष्ट किया, वह हमारी सर्किल इंस्पेक्टर हैं और ड्यूटी पर हैं.
इसके बाद, ऐश्वर्या ने जिद करते हुए कहा, “मुझे अंदर जाने दो, मुझे जाना ही है.” इतना ही नहीं उनकी पीएसआई से तीखी बहस भी हो गई. ये बहस हिंसक हो गई और ऐश्वर्या ने कथित तौर पर ड्यूटी पर मौजूद पीएसआई सविता को थप्पड़ मार दिया. फिलहाल विधायक सुरेश गौड़ा की बेटी ऐश्वर्या के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. ऐश्वर्या के खिलाफ क्यथानाहल्ली पुलिस स्टेशन में सरकारी अधिकारी के काम बाधा पहुंचाने और उस पर हमला करने का मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved