
जबलपुर। कैंट विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को निरंतर गति देते हुए कैंट क्षेत्र के विधायक अशोक रोहाणी ने गोकलपुर स्थित दादा स्वर्गीय ईश्वरदास रोहाणी स्टेडियम के पहुंच मार्ग का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विधायक ने सड़क की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया तथा क्षेत्रीय नागरिकों एवं खिलाडिय़ों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पहुंच मार्ग के शीघ्र निर्माण हेतु 1 करोड़ रूपये की राशि आवंटित की।
इस अवसर पर उपस्थित नगर निगम के अधिकारियों को विधायक ने निर्देशित किया कि सड़क निर्माण से संबंधित आवश्यक प्रक्रिया को प्राथमिकता से पूर्ण करते हुए कार्य जल्द से जल्द प्रारंभ कराया जाए, ताकि स्टेडियम आने-जाने वाले खिलाडिय़ों, खेल प्रेमियों एवं क्षेत्रीय नागरिकों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सके। विधायक श्री अशोक ईश्वरदास रोहाणी ने कहा कि कैंट क्षेत्र का समग्र विकास हमारी प्राथमिकता है। जनसुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों में किसी प्रकार की देरी न हो और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलें, इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। स्टेडियम के पहुंच मार्ग के निर्माण के लिए 1 करोड़ की राशि आवंटित होने से क्षेत्रीय नागरिकों एवं खेल प्रेमियों में हर्ष है। सड़क निर्माण पूर्ण होने के बाद स्टेडियम तक आवागमन अधिक सुगम और सुविधाजनक होगा। इस अवसर पर एमआईसी सदस्य एवं पार्षद दामोदर सोनी, बंटी रजक, महेश नयन सोनी सहित नगर निगम के अधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved