
जबलपुर। भेड़ाघाट थाना क्षेत्र में रिंग रोड स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-45 पर राजा फैमिली ढाबा के पास गुरुवार देर रात करीब 2 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। मक्का से लदे तेज रफ्तार ट्रक ने ढाबे के पास खड़े वाहनों को टक्कर मारते हुए आग ताप रहे लोगों को कुचल दिया। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ढाबा संचालक गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के समय ढाबे पर कुछ लोग खाना खा रहे थे, जबकि कुछ ठंड से बचने के लिए आग ताप रहे थे। इसी दौरान मक्का से भरा ट्रक तेज रफ्तार में आया और अनियंत्रित होकर ढाबे के पास खड़ी बोलेरो, कार और पिकअप वाहन को टक्कर मारते हुए लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीन लोगों की जान चली गई। घटना के बाद ट्रक कुछ दूरी पर जाकर पलट गया। हादसे में मृतकों की पहचान बलराम निवासी भिंड-मुरैना, मोनू और धर्मेंद्र निवासी खैरी के रूप में बताई गई है। बलराम और मोनू शराब दुकान में कर्मचारी थे, जबकि धर्मेंद्र ढाबे में काम करता था। वहीं, राज फैमिली ढाबा के संचालक राजा साहू गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलते ही भेड़ाघाट पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। आधी रात को हुए इस दर्दनाक हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। एक ही दुर्घटना में तीन लोगों की मौत से क्षेत्र में शोक व्याप्त है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved