
सीहोर। सीहोर (Sehore) की धरती पर 25 अगस्त को शिवभक्ति का भव्य नजारा देखने को मिलेगा। सीवन नदी तट से कुबेरेश्वर धाम (Kubereshwar Dham) तक निकलने वाली कांवड़ यात्रा (Kanwar Yatra) में कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा (Pradeep Mishra) स्वयं कांवड़ लेकर पैदल शामिल होंगे। वे सीवन नदी से जल लेकर करीब 11 किलोमीटर की यात्रा करते हुए कुबेरेश्वर धाम पहुंचेंगे और भगवान शिव की विशेष पूजा-अर्चना करेंगे।
विठलेश सेवा समिति के मीडिया प्रभारी मनोज दीक्षित मामा के अनुसार, 25 अगस्त की यात्रा का सबसे बड़ा आकर्षण पंडित प्रदीप मिश्रा का स्वयं कांवड़ लेकर पैदल चलना रहेगा। सुबह 9 बजे सीवन नदी से यात्रा शुरू होगी। भगवा ध्वजों और शिवभक्तों से सजे मार्ग पर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयकारे गूंजेंगे।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सीवन नदी से कुबेरेश्वर धाम तक 200 से अधिक सेवा केंद्र बनाए जाएंगे। यहां सामाजिक और धार्मिक संगठनों के सेवादार पेयजल, फलाहार, चाय और प्रसादी की व्यवस्था संभालेंगे।
सावन में सीवन नदी से जल लेकर प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु कुबेरेश्वर धाम पहुंच रहे हैं। समिति के अनुसार अब तक करीब 30 लाख भक्त धाम पहुंच चुके हैं। सावन के शेष दिनों में यह संख्या एक करोड़ तक पहुंचने की संभावना जताई गई है।
भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए 19 अगस्त से रुद्राक्ष वितरण आगामी निर्देश तक बंद रखने का निर्णय लिया गया है। समिति के अनुसार भीड़ प्रबंधन के साथ यातायात, पार्किंग, चिकित्सा, सुरक्षा और दर्शन व्यवस्था को प्राथमिकता दी जा रही है।
यात्रा को देखते हुए 23 अगस्त सुबह 6 बजे से 25 अगस्त रात 12 बजे तक डायवर्जन व्यवस्था लागू रहेगी। भोपाल-इंदौर मार्ग पर भारी वाहनों को वैकल्पिक रास्तों से भेजा जाएगा। छोटे और यात्री वाहनों के लिए भी अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं।
नर्मदापुरम समेत दूर-दराज के इलाकों से शिवभक्त कांवड़ लेकर कुबेरेश्वर धाम पहुंच रहे हैं। युवा डाक कांवड़िए दौड़ते हुए लंबी दूरी तय कर रहे हैं। बारिश और धूप के बीच भी श्रद्धालुओं का उत्साह बना हुआ है।
24 और 25 अगस्त को कांवड़ यात्रा के दौरान करीब 2000 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। इनमें दूसरे जिलों से बुलाए गए करीब 1500 पुलिसकर्मी और सीहोर जिले के 500 से 1000 पुलिसकर्मी शामिल होंगे। कुबेरेश्वर धाम समिति के करीब 600 वॉलंटियर्स भी प्रशासन की मदद करेंगे।
श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए प्रमुख स्थानों पर चिकित्सा शिविर लगाए जाएंगे। चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ और दवाइयां उपलब्ध रहेंगी। आपात स्थिति के लिए एंबुलेंस तैनात रहेंगी। कुबेरेश्वर धाम में अस्थायी आईसीयू युक्त अस्पताल की व्यवस्था के निर्देश भी दिए गए हैं।
दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को रेलवे स्टेशन से कुबेरेश्वर धाम तक पहुंचाने और भीड़ नियंत्रित करने के लिए प्रमुख मार्गों पर निगरानी रखी जाएगी। प्रशासन ने यातायात और पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी तैयारियां तेज कर दी हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved