img-fluid

यूपी की मसौदा मतदाता सूची में एक लाख डुप्लीकेट वोटर होने का सपा का दावा, नकद पुरस्कार मांगा

November 24, 2026

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की मसौदा मतदाता सूची (Electoral Roll) में करीब एक लाख डुप्लीकेट मतदाताओं (Duplicate voters) की पहचान करने का दावा समाजवादी पार्टी (SP) ने किया है। पार्टी ने सोमवार को इस संबंध में मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा (Navdeep Rinwa) को ज्ञापन सौंपा। साथ ही मांग की कि डुप्लीकेट मतदाताओं की पहचान करने के लिए घोषित नकद पुरस्कार की पूरी राशि सपा को दी जाए।

पार्टी की ओर से जारी बयान के मुताबिक, सपा के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर एक लाख डुप्लीकेट मतदाताओं की जानकारी दी है। ज्ञापन पर प्रदेश सचिव केके श्रीवास्तव, राज्य कार्यसमिति सदस्य डॉ. हरिश्चंद्र सिंह और राधेश्याम सिंह के हस्ताक्षर हैं।

ज्ञापन में कहा गया है कि पार्टी ने प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों के अंतर्गत आने वाले 1 लाख 73 हजार 730 मतदान केंद्रों की मतदाता सूचियों की जांच की है। इस दौरान कुल 13 करोड़ 58 लाख 68 हजार 905 मतदाताओं के नामों का परीक्षण किया गया, जिसमें करीब एक लाख डुप्लीकेट मतदाताओं की जानकारी सामने आई है।



  • अलग-अलग ईपीआईसी नंबरों से दर्ज मिले नाम

    सपा के मुताबिक, 17 नवंबर को प्रकाशित मसौदा मतदाता सूची के सत्यापन के दौरान ऐसे मतदाता मिले, जिनके नाम, रिश्तेदारों के नाम, पते और उम्र सहित अन्य विवरण समान हैं, लेकिन उनके मतदाता पहचान पत्र (ईपीआईसी) नंबर अलग-अलग हैं। पार्टी का दावा है कि ऐसे मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में कई स्थानों पर दर्ज हैं।

    पार्टी ने बताया कि संबंधित मतदाताओं के नाम, मतदाता क्रमांक, मतदान केंद्र संख्या और विधानसभा एवं जिलेवार विवरण मुख्य निर्वाचन आयुक्त तथा प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को ईमेल के माध्यम से भेज दिए गए हैं।

    घोषित पुरस्कार की पूरी राशि मांगी

    सपा ने ज्ञापन में कहा है कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने 11 नवंबर को डुप्लीकेट मतदाताओं की पहचान करने वाले राजनीतिक दलों और व्यक्तियों को नकद पुरस्कार देने की घोषणा की थी। पार्टी का दावा है कि उसने सबसे पहले बड़ी संख्या में ऐसे मतदाताओं की पहचान कर उनकी सूची निर्वाचन अधिकारियों को सौंपी है। इसलिए घोषित पुरस्कार की पूरी राशि उसे दी जानी चाहिए।

    मतदाता सूची की विसंगतियां दूर करने की मांग

    सपा ने निर्वाचन आयोग से मतदाता सूचियों की व्यापक जांच कराने और उनमें मौजूद विसंगतियों को दूर करने के लिए युद्धस्तर पर अभियान चलाने की मांग की है। पार्टी का कहना है कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने से वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव पारदर्शी, निष्पक्ष, स्वतंत्र और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने में मदद मिलेगी।

    हालांकि, एक लाख डुप्लीकेट मतदाताओं को लेकर सपा की ओर से किए गए दावे की निर्वाचन आयोग की ओर से पुष्टि होना बाकी है।

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved