
पटना। बिहार (Bihar) में पटना एयरपोर्ट (Patna Airport) पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान (Union Minister Chirag Paswan) ने आरक्षण (Reservation) को लेकर अपना रुख स्पष्ट किया। दिल्ली रवाना होने से पहले मीडिया से बातचीत में उन्होंने जंतर-मंतर पर आरक्षण खत्म करने की मांग को लेकर चल रहे प्रदर्शन पर कहा कि आरक्षण किसी की मांग पर समाप्त नहीं किया जा सकता। यह संविधान से मिला अधिकार है।
‘आरक्षण का मकसद वंचित वर्गों को आगे लाना’
चिराग पासवान ने कहा कि आरक्षण किसी को दी जाने वाली खैरात नहीं है। इसका उद्देश्य उन सामाजिक वर्गों को आगे बढ़ाना है, जिन्हें लंबे समय तक भेदभाव का सामना करना पड़ा। उन्होंने अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति का उदाहरण देते हुए कहा कि संविधान में इन वर्गों को चिन्हित किया गया और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए आरक्षण का प्रावधान किया गया। उन्होंने कहा कि आज भी समाज में भेदभाव की घटनाएं सामने आती हैं, इसलिए सामाजिक न्याय और आरक्षण की जरूरत पर गंभीरता से चर्चा होनी चाहिए।
प्रदर्शनकारियों से बातचीत की वकालत
जंतर-मंतर पर आरक्षण समाप्त करने की मांग कर रहे प्रदर्शनकारियों को लेकर चिराग ने कहा कि वे अपनी चिंताएं सामने रख रहे हैं। किसी भी समस्या का समाधान बातचीत और संवाद से निकाला जा सकता है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारियों के साथ बैठकर बात करनी चाहिए। संवाद के जरिए उन्हें आरक्षण की जरूरत और इसके पीछे के उद्देश्य को समझाने का प्रयास किया जा सकता है। रामदास अठावले के बयान से जुड़े सवाल पर भी उन्होंने कहा कि प्रदर्शन करने वालों की बात सुनी जानी चाहिए और लोकतंत्र में संवाद बेहद जरूरी है।
‘विपक्ष आंकड़ों के साथ अपनी बात रखे’
चिराग पासवान ने बिहार की आर्थिक स्थिति को लेकर तेजस्वी यादव के बयान पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि विधानसभा सत्र के दौरान विपक्ष को आंकड़ों के साथ अपनी बात रखनी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि विपक्ष की जिम्मेदारी सिर्फ सरकार पर आरोप लगाना नहीं है, बल्कि बिहार को आगे बढ़ाने में सरकार के साथ मिलकर भूमिका निभाना भी है।
निवेश और रोजगार बढ़ाने पर जोर
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बिहार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। राजस्व बढ़ाने के साथ-साथ आने वाले समय में निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा करने पर भी जोर दिया जाएगा। उन्होंने डबल इंजन सरकार का जिक्र करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के मिलकर काम करने से बिहार को फायदा होगा। विकास की रफ्तार बढ़ाने और राज्य की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए कई स्तरों पर काम किया जा रहा है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved