लखनऊ। सहारा इंडिया परिवार (Sahara India Pariwar) से जुड़ी मुश्किलें एक बार फिर बढ़ती नजर आ रही हैं। कंपनी के दिवंगत चेयरमैन सुब्रत रॉय (Subrata Roy) सहारा के भाई जयब्रत रॉय, ओपी श्रीवास्तव (O.P. Srivastava) समेत छह अधिकारियों के खिलाफ अलीगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के प्रवर्तन अधिकारी सुहैल कुमार की शिकायत पर कोर्ट के आदेश के बाद की गई।
मामला कर्मचारियों के वेतन से भविष्य निधि (PF) की रकम काटने के बावजूद उसे संबंधित खातों में जमा नहीं करने के आरोप से जुड़ा है।
अलीगंज पुलिस के मुताबिक, सहारा इंडिया मास कम्युनिकेशन के कर्मचारियों अनुराग मिश्रा, दिनेश श्रीवास्तव और कलानिधि मिश्रा ने इस संबंध में शिकायत की थी।
कर्मचारियों का आरोप है कि कंपनी की ओर से हर महीने उनके वेतन से PF की रकम काटी जाती थी, लेकिन कटौती के बाद यह राशि उनके PF खातों में जमा नहीं की गई।
शिकायतकर्ताओं ने अपने आरोपों के समर्थन में फॉर्म-16, लेजर और वेतन खातों के बैंक स्टेटमेंट समेत कई दस्तावेज भी उपलब्ध कराए थे।
मामले में EPFO के प्रवर्तन अधिकारी ने पुलिस को तहरीर दी। इसके बाद कोर्ट के आदेश के आधार पर अलीगंज थाने में जयब्रत रॉय, ओपी श्रीवास्तव समेत छह अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस अब मामले में सामने आए दस्तावेजों की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कर्मचारियों के वेतन से काटी गई PF राशि किस अवधि में जमा नहीं की गई और इसके लिए जिम्मेदार कौन था।
सहारा समूह के संस्थापक और चेयरमैन सुब्रत रॉय का नवंबर 2023 में 75 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था। अपने कारोबारी जीवन के दौरान उन्हें समूह की कंपनियों से जुड़े कई नियामकीय और कानूनी विवादों का सामना करना पड़ा।
सहारा समूह की विभिन्न कंपनियों पर निवेशकों से जुड़े मामलों में नियमों के उल्लंघन के आरोप भी लगे थे। हालांकि, समूह ने इन आरोपों से इनकार किया था।
सुब्रत रॉय की कारोबारी कहानी अब पर्दे पर भी दिखाई देने वाली है। फिल्म निर्माता हंसल मेहता की चर्चित ‘स्कैम’ सीरीज की तीसरी कड़ी ‘स्कैम 2010- द सुब्रत रॉय सागा’ पर काम शुरू हो चुका है।
ओटीटी प्लेटफॉर्म सोनी लिव के मुताबिक इस सीरीज में सिद्धार्थ बोडके सुब्रत रॉय की भूमिका निभाएंगे। इसका निर्माण बिरला स्टूडियोज और अप्लॉज एंटरटेनमेंट कर रहे हैं।
सीरीज में सहारा समूह के शुरुआती दौर से लेकर उसके बड़े कारोबारी साम्राज्य बनने और बाद में कानूनी विवादों में घिरने तक की कहानी को दिखाने की तैयारी है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved