
मंड्या: कर्नाटक के मंड्या में जिले में बीजेपी विधायक की बेटी ने ड्यूटी पर तैनात एक महिला सब-इंस्पेक्टर को थप्पड़ जड़ दिया. यह घटना श्रीरंगपटना स्थित एक मंदिर में हुई. बताया जा रहा है कि विधायक की बेटी ने मंदिर के गर्भगृह में जाने कोशिश की, जिस पर महिला सब-इंस्पेक्टर ने उन्हें रोका. इसके बाद दोनों के बीच विवाद हुआ. इसी दौरान बेटी इतना भड़क गईं कि उन्होंने महिला पुलिस अधिकारी को थप्पड़ मार दिया, इसके साथ ही उनके साथ गाली गलौज भी की. इस घटना का वीडियो सामने आया है जो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है.
जानकारी के मुताबिक कर्नाटक के श्रीरंगपटना स्थित एक मंदिर में पुलिस सब-इंस्पेक्टर सविता बी.पाटिल और तुमकुरु ग्रामीण से बीजेपी विधायक बी. सुरेश गौड़ा की बेटी ऐश्वर्या के बीच हुई झड़प हुई थी. यह घटना 12 अगस्त की बताई जा रही है. जिसका CCTV फुटेज अब सामने आया है, जिसके बाद ये मामला सुर्खियों में आ गया है.
CCTV में ऐश्वर्या और PSI सविता बी. पाटिल के बीच तीखी बहस होती दिखाई दे रही है. इस दौरान ऐश्वर्या फोन का इस्तेमाल करती हैं और किसी को कॉल करने की कोशिश करती नजर आती हैं. इसके बाद कथित तौर पर वह पुलिस अधिकारी को थप्पड़ मारती दिखाई देती हैं. वहीं थप्पड़ लगने के बाद सब इंस्पेक्टर ने भी जवाबी थप्पड़ विधायक की बेटी को जड़ दिया.
इस दौरान मंदिर परिसर में माहौल गर्मा गया. मौके पर मौजूद अन्य लोग दोनों ने हस्तक्षेप करके हुए दोनों को अलग किया. यह घटना 12 अगस्त को भीमा अमावस्या उत्सव के दौरान शाम लगभग 4.30 बजे घटी. बताया जा रहा है कि मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश को लेकर विवाद हुआ था.
मांड्या महिला पुलिस स्टेशन में तैनात सविता को मंदिर में भीड़ नियंत्रण के लिए ड्यूटी दी गई थी. उनकी शिकायत के अनुसार, ऐश्वर्या कुछ अन्य लोगों के साथ मंदिर आईं और कतार में लगे बिना गर्भगृह में प्रवेश करने की कोशिश करने लगी. जब सविता ने श्रद्धालुओं को असुविधा से बचाने के लिए उन्हें कुछ मिनट इंतजार करने को कहा, तो ऐश्वर्या ने कथित तौर पर खुद को विधायक की बेटी बताया और पूछा कि उन्हें क्यों रोका जा रहा है.
खुद को रोके जाने पर ऐश्वर्या भड़क गईं और उन्होंने महिला पुलिस अधिकारी से बहस करना शुरू कर दी. मामला इतना बढ़ गया कि उन्होंने अधिकारी को गाली दी और थप्पड़ मार दिया. यहीं नहीं ऐश्वर्या हिला पुलिस अधिकारी को उनका करियर को बर्बाद करने की भी धमकी दी. इसके बाद सविता ने क्याथनहल्ली पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई.
पुलिस ने ऐश्वर्या के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत लोक सेवक पर हमला करने, मामूली चोट पहुंचाने, जानबूझकर अपमान करने और आपराधिक धमकी देने के आरोप में FIR दर्ज की है. उनके खिलाफ BNS की 132, 115(2), 352 और 351(2) के तहत मामला दर्ज किया है. वहीं ऐश्वर्या ने भी पुलिस अधिकारी द्वारा दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए जवाबी शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने कहा कि जवाबी शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है.
इधर मामला सामने आने के बाद में बीजेपी विधायक सुरेश गौड़ा ने अपनी बेटी की इस हरकत के लिए माफी मांगी है. पत्रकारों से बात करते हुए विधायक कहा कि अगर उससे कोई गलती हुई हो तो उसके खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई होनी चाहिए. उन्होंने बताया कि ऐश्वर्या अपने दो छोटे बच्चों के साथ मंदिर गई थी और उसने थोड़ी देर के लिए अंदर जाने की अनुमति मांगी थी क्योंकि कतार में इंतजार करने से बच्चों को परेशानी हो सकती थी.
विधायक ने यह भी कहा कि उनकी बेटी को एक राजनीतिक परिवार की सदस्य होने के नाते संयम बरतना चाहिए था और उन्होंने घटना की विभागीय जांच की मांग की. गौड़ा ने मंदिरों में वीआईपी व्यवस्थाओं का भी विरोध किया. उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के साथ समान व्यवहार किया जाना चाहिए और उन्हें एक ही कतार प्रणाली का पालन करना चाहिए ताकि जनता को असुविधा न हो और पुलिस कर्मियों पर दबाव कम हो.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved