
इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर (Indore city) में खाद्य पदार्थों (Food items) की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हुए हैं। सी-21 मॉल के पीछे डायमेंशन फर्निचर के सामने स्थित एक रेस्टोरेंट में ग्राहकों को परोसे गए मोमोज (Momos) में इल्लियां (worms) मिलने का आरोप लगा है। मामला सामने आने के बाद ग्राहक ने खाद्य सुरक्षा विभाग में शिकायत कर रेस्टोरेंट संचालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और रेस्टोरेंट प्रबंधन को नोटिस जारी किया है।
बताया गया कि शुक्रवार शाम दीपक मीणा दोस्तों के साथ नाश्ता करने रेस्टोरेंट पहुंचे थे। उन्होंने मोमोज ऑर्डर किए। प्लेट टेबल पर आने के बाद जब उन्होंने मोमोज देखा तो उसमें इल्लियां रेंगती नजर आईं। यह देखकर ग्राहक चौंक गए और उन्होंने तुरंत रेस्टोरेंट प्रबंधन से शिकायत की।
दीपक मीणा के अनुसार, उन्होंने संचालक सिद्धार्थ मालवीय और कर्मचारी सोनू पाल से इस बारे में सवाल किया। आरोप है कि कर्मचारी ने यह कहकर जिम्मेदारी लेने से इनकार कर दिया कि मोमोज रेस्टोरेंट में तैयार नहीं किए जाते। इसके बाद ग्राहकों और कर्मचारियों के बीच बहस भी हुई।
फ्रोजन मोमोज की बास्केट में भी इल्लियां मिलने का दावा
ग्राहकों ने इसके बाद रेस्टोरेंट में रखी फ्रोजन मोमोज की बास्केट की जांच की। शिकायतकर्ता का दावा है कि उसमें रखे अन्य मोमोज में भी इल्लियां दिखाई दीं। इसके बाद मौके के फोटो और वीडियो बनाए गए और खाद्य सुरक्षा विभाग को शिकायत दी गई।
शिकायत में खाद्य पदार्थों के रखरखाव, साफ-सफाई और गुणवत्ता की विस्तृत जांच कराने की मांग की गई है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर रेस्टोरेंट को सील करने और संबंधित लोगों पर कानूनी कार्रवाई की मांग भी की गई। शिकायत के साथ फोटो, वीडियो और रेस्टोरेंट की लोकेशन विभाग को उपलब्ध कराई गई है।
फूड विभाग की टीम ने जांच कर जारी किया नोटिस
सीनियर फूड इंस्पेक्टर मनीष स्वामी ने फोन पर बताया कि विभाग को शिकायत मिली थी। इसके बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की विशेष टीम रेस्टोरेंट पहुंची और जांच की। टीम ने रेस्टोरेंट प्रबंधन को नोटिस भी जारी किया है।
अधिकारी के मुताबिक, फिलहाल दुकानदार रेस्टोरेंट नहीं खोल रहा है और विभाग नोटिस के जवाब का इंतजार कर रहा है। संचालक के जवाब और विभागीय जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि खाद्य सुरक्षा नियमों का कितना उल्लंघन हुआ है और आगे क्या कार्रवाई की जाएगी। मोमोज में इल्लियां मिलने के आरोप ने इंदौर में खाद्य पदार्थों की स्वच्छता और गुणवत्ता को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved