ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर (Gwalior) जिले में एक पिता पर अपने ही 14 वर्षीय बेटे के साथ कथित तौर पर यौन शोषण (Sexual Exploitation) करने का गंभीर आरोप लगा है। बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के इस मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी इससे पहले अपनी नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म के मामले में जेल जा चुका है और हाल ही में जमानत पर बाहर आया था।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित बच्चे के माता-पिता करीब 14 वर्षों से अलग रह रहे हैं और दोनों के बीच कानूनी विवाद भी चल रहा है। बच्चे की मां घरों में काम करती है। आरोप है कि घटना वाले दिन मां के काम पर जाने के बाद आरोपी उनके घर पहुंचा।
बताया गया है कि आरोपी ने बेटे से उसकी मां के साथ समझौते की बात होने का दावा किया और उसे कमरे में ले गया। आरोप है कि कमरे में उसने बच्चे के साथ गलत हरकत की। जाते समय आरोपी ने बच्चे को धमकाया कि यदि उसने घटना के बारे में किसी को बताया तो उसे जान से मार देगा।
मां जब काम से वापस लौटी तो उसने बेटे को परेशान और रोते हुए देखा। बच्चा खाना भी नहीं खा रहा था और काफी डरा-सहमा हुआ था। मां के पूछने और भरोसा दिलाने के बाद उसने रोते हुए पूरी घटना की जानकारी दी।
इसके बाद मां अपने बेटे को लेकर बहोड़ापुर थाने पहुंची और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
जांच में पुलिस को आरोपी के पुराने आपराधिक मामले की भी जानकारी मिली है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पर पहले अपनी ही नाबालिग बेटी से दुष्कर्म का आरोप लगा था और वह इस मामले में जेल जा चुका है। हाल ही में जमानत पर बाहर आने के बाद अब उस पर बेटे के साथ कथित अपराध का आरोप लगा है।
बहोड़ापुर थाना प्रभारी आलोक परिहार के अनुसार, पीड़ित की मां की शिकायत और बच्चे के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ कुकर्म और पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी फिलहाल फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और आरोपी के पुराने मामले समेत पूरे घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों को भी खंगाला जा रहा है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved