
इंदौर। इंदौर के साउथ तोड़ा इलाके में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान पुलिस और लोगों के बीच हुई धक्कामुक्की के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। एडिशनल डीसीपी दिशेष अग्रवाल के साथ कथित तौर पर हुई धक्कामुक्की के बाद बाजार पुलिस ने 15 लोगों को नामजद करते हुए एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने इनमें से 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
दरअसल, एनजीटी के निर्देश के बाद इंदौर नगर निगम द्वारा साउथ तोड़ा क्षेत्र में नदी किनारे बने अवैध निर्माणों को हटाने की कार्रवाई की गई थी। इस दौरान कई मकानों और व्यावसायिक निर्माणों को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने विरोध किया और इसी दौरान एडिशनल डीसीपी दिशेष अग्रवाल के साथ धक्कामुक्की की स्थिति बन गई।
वही इस मामले की गंभीरता को देखते हुए बाजार पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुल 16 लोगों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने का प्रकरण दर्ज किया है। इनमें 15 लोगों को नामजद किया गया है, जबकि एक अन्य व्यक्ति को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने अब तक 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 6 पुरुष और 2 महिलाएं शामिल हैं। सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। वहीं पुलिस अब मौके पर मौजूद लोगों द्वारा बनाए गए वीडियो और क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के आधार पर अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved