
ठाणे। महाराष्ट्र के ठाणे जिले के कल्याण में दिनदहाड़े हुई 40 लाख रुपये की लूट की वारदात ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना कल्याण पश्चिम के आगरा रोड की है। मंगलवार दोपहर करीब 1:30 बजे बैंक में नकदी जमा करने जा रहे व्यापारी को बैंक से महज 100 मीटर पहले ही बाइक सवार बदमाशों ने निशाना बनाया। पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के मुताबिक, तंबाकू-पान मसाला व्यापारी फारूख अख्तर अपने साथी के साथ वालधुनी से एक्टिवा पर सवार होकर आगरा रोड स्थित बैंक में 40 लाख रुपये जमा करने जा रहे थे। जैसे ही वे शू-मॉल के सामने पहुंचे, पीछा कर रहे दो बाइक सवार बदमाशों ने उनकी एक्टिवा को टक्कर मारकर सड़क पर गिरा दिया। इसके बाद बदमाशों ने व्यापारी और उसके साथी के साथ मारपीट की और उनके पास मौजूद रुपयों से भरा बैग छीन लिया। विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी और दुर्गाडी किले की दिशा में फरार हो गए।
बैंक के बेहद करीब हुई वारदात ने पुलिस को भी चौंका दिया है। माना जा रहा है कि आरोपियों ने व्यापारी की गतिविधियों पर नजर रखी होगी या उन्हें नकदी ले जाने की जानकारी पहले से थी। हालांकि, लूट की सटीक वजह और आरोपियों को नकदी की जानकारी कैसे मिली, इसकी जांच पुलिस कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही बाजारपेठ पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक गणेश न्हायदे टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लिए हैं। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए दो टीमें गठित कर नाकाबंदी शुरू कर दी है। दिनदहाड़े भीड़भाड़ वाले आगरा रोड पर हुई इस वारदात के बाद अब पुलिस के सामने 40 लाख रुपये की लूट को अंजाम देने वाले बदमाशों तक जल्द पहुंचने की बड़ी चुनौती है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved