
गोरखपुर। गोरखपुर में विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास और कल्याण मण्डपम् का उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा ऐलान किया है। सीएम योगी ने कहा, हम अगले 6 महीने के अंदर, विधानसभा चुनाव की घोषणा से पहले हमने कह रखा है कि एक लाख नौजवानों को सरकारी नौकरी यूपी में उपलब्ध करवाएंगे और ये काम हम परसों यानी 19 तारीख से करने जा रहे हैं। सीएम ने कहा, इससे पहले हमने साढ़े नौ लाख नौजवानों को नौकरी दी है।
योगी ने कहा, हम चाहते हैं कि यूपी के नौजवानों को बिना भेदभाव नौकरी मिले। आज ही आपने देखा होगा कि बेसिक, माध्यमिक विद्यालयों में टीजीटी-पीजीटी के शिक्षकों के नियुक्ति के विज्ञापन जारी हो गए हैं औरआज से एप्लिकेशन मंगवाने का भी काम प्रारंभ हो गया है।
सीएम योगी ने पिछली सरकारों पर कसा तंज
सीएम योगी ने सपा सरकार पर तंज कसा औऱ कहा, 2017 के पहले क्या स्थिति थी! नौकरी निकलती थी और सैफई सिंडिकेट वसूली के लिए निकल पड़ता था, किसी नौजवान को नौकरी नहीं मिल पाती थी।पहले नौकरी के लिए सौदेबाजी होती थी, न्यायालय स्टे करता था, नौजवान का जीवन और उसका भविष्य खतरे में पड़ता था। विकास का कार्य नहीं हो पाता था, क्योंकि कानून व्यवस्था इतनी खराब थी कि कोई काम करने को तैयार नहीं, सरकार का कोई विजन नहीं, लूट-खसोट, अराजकता ये इनके दिमागी खुराफात का हिस्सा था।
आज प्रदेश सुरक्षित है
सीएम ने कहा, पिछली सरकारों के कामकाज के कारण ही प्रदेश के सामने पहचान का संकट शुरू हुआ और प्रदेश बीमारू हो गया। अब मैं कह सकता हूं कि हमारा प्रदेश बीमारू नहीं। भारत की ग्रोथ इंजन का एक महत्वपूर्ण इंजन के रूप में अपनी भूमिका का निर्वहन कर रहा है। आज यूपी कर्फ्यू मुक्त है, दंगा मुक्त है, उत्तर प्रदेश में कानून का राज है।
सीएम ने कहा, आज अपराधी या तो जेल में है या दूसरे लोक की यात्रा में जा चुका है। अब वह खुलेआम किसी को धमकी नहीं दे सकता, किसी का अपहरण नहीं कर सकता, किसी बेटी को जबरन उठाने का दुस्साहस नहीं कर सकता, किसी व्यापारी से फिरौती नहीं वसूल सकता। आज यूपी में हर व्यक्ति सुरक्षित है, हर व्यक्ति के लिए सुरक्षा की गारंटी है, हर पर्व और त्योहार को बेहतरीन वातावरण में मनाने की गारंटी है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved