
कोहाट। पाकिस्तान में कोहाट की मस्जिद में आज धमाका हो गया है। ये धमाका, जुमे की नमाज के दौरान मस्जिद में हुआ है। एक अधिकारी ने बताया कि इस बड़े बम विस्फोट में 16 लोगों की मौत हो गई है और दर्जनों अन्य लोग घायल हो गए हैं। मरने वालों में 11 आम नागरिक और 5 पुलिसकर्मी हैं। ये ब्लास्ट उत्तर-पश्चिम पाकिस्तान के अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में हुआ है।
प्रोविंसियल पुलिस चीफ जुल्फिकार हमीद ने बताया कि फिदायीन हमला करके मस्जिद में धमाका किया गया है। यह घटना खाइबर पख्तूनख्वा में पेशावर से 60 किलोमीटर दूर कोहाट में ओल्ड पुलिस लाइन के पास मस्जिद में हुई है। हालांकि, अभी तक किसी भी आतंकी गुट ने इस ब्लास्ट की जिम्मेदारी नहीं ली है।
जियो न्यूज़ ने डिस्ट्रिक्ट हेडक्वार्टर हॉस्पिटल के MS ताहिर अली शाह के हवाले से कहा कि ब्लास्ट के बाद 50 से ज्यादा घायलों के साथ-साथ 15 शव भी हॉस्पिटल लाए गए हैं। पुलिस ने कहा कि घायलों में अधिकतर नमाज पढ़ने वाले लोग थे। साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि धमाके के कारण मस्जिद के बाहर एक गड्ढा बन गया है।
रेस्क्यू 1122 खैबर पख्तूनख्वा के प्रवक्ता बिलाल अहमद फैजी के मुताबिक, खबर मिलने के कुछ ही देर बाद रेस्क्यू टीम घटनास्थल पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। उन्होंने आगे बताया कि कई लोग जख्मी हुए हैं और उन्हें शुरुआती इलाज के लिए पास के हॉस्पिटल्स में ले जाया जा रहा है। रेस्क्यू टीम घटनास्थल पर मौजूद हैं और हालात का जायजा ले रहे हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved