
नई दिल्ली। दिल्ली (Delhi) के स्वरूप नगर में 15 वर्षीय किशोरी (Teenager) के साथ गैंगरेप (Gang-rape) के बाद हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, किशोरी अपने 19 वर्षीय बॉयफ्रेंड के भरोसे पर उसके साथ सुनसान जगह गई थी, जहां उसे जबरदस्ती बीयर पिलाने के बाद चार आरोपियों ने उसके साथ गैंगरेप किया। पुलिस को घटना बताने की बात कहने पर आरोपियों ने कथित तौर पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
घटना 10 सितंबर की रात की बताई गई है, जबकि किशोरी का शव तीन दिन बाद 13 सितंबर को मिला। शव की हालत इतनी खराब थी कि शुरुआत में उसकी पहचान नहीं हो सकी। बाद में हाथ पर बने तीन सितारे वाले टैटू के जरिए पुलिस ने उसकी पहचान की पुष्टि की। पुलिस अब मामले में आरोप पत्र दाखिल करने की तैयारी कर रही है।
बॉयफ्रेंड के भरोसे सुनसान जगह पहुंची थी किशोरी
पुलिस के अनुसार, किशोरी अपने पिता के साथ स्वरूप नगर इलाके में रहती थी। करीब एक साल से उसकी दोस्ती 19 वर्षीय शिवम से थी। परिवार में तनाव और पिता के शराब पीकर मारपीट करने के कारण किशोरी कई बार घर से चली जाती थी।
10 सितंबर की रात शिवम ने उसे अपने साथ चलने के लिए बुलाया। उसके साथ तीन नाबालिग दोस्त भी थे। शुरुआत में किशोरी वहां जाने को लेकर हिचकिचा रही थी, लेकिन शिवम पर भरोसा करके वह उनके साथ चली गई।
पुलिस के मुताबिक, चारों आरोपी उसे एक सुनसान जगह ले गए। वहां उसे जबरदस्ती बीयर पिलाई गई और इसके बाद उसके साथ गैंगरेप किया गया। किशोरी ने जब पुलिस को घटना बताने की बात कही तो आरोपियों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। हत्या के बाद आरोपी शव को वहीं छोड़कर फरार हो गए।
तीन दिन तक नहीं हुई गुमशुदगी की रिपोर्ट
पुलिस के मुताबिक, किशोरी के पिता ने 10 सितंबर की रात उसके घर नहीं लौटने के बाद तत्काल गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई। इसकी वजह यह बताई गई कि किशोरी पहले भी कई बार घर से चली जाती थी। 13 सितंबर की सुबह पुलिस को इलाके में एक किशोरी का शव मिलने की सूचना मिली। इसके बाद जांच शुरू हुई। शव की हालत खराब होने के कारण शुरुआत में उसकी पहचान करना पुलिस के लिए मुश्किल था।
हाथ के टैटू ने खोला पहचान का राज
पुलिस ने शव की तस्वीरें लीं। इसी दौरान हाथ पर बना तीन सितारों वाला टैटू जांच में अहम सुराग बना। पुलिस जब शव की तस्वीर लेकर किशोरी के घर पहुंची तो उसके पिता ने पहचान करने से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस को किशोरी के जीजा के मोबाइल में उसकी पुरानी तस्वीर मिली। तस्वीर में भी उसके हाथ पर वही टैटू दिखाई दे रहा था। टैटू का मिलान होने के बाद शव की पहचान किशोरी के रूप में हुई।
पुलिस ने मामले की जांच के दौरान इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिली। पुलिस के अनुसार, मामले में आरोप पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया चल रही है।
राहुल गांधी ने उठाया महिला सुरक्षा का सवाल
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को इस घटना को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाते हुए पूछा कि राजधानी में महिलाओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी है। राहुल गांधी ने दावा किया कि इतनी गंभीर घटना की जानकारी कई दिनों तक सामने नहीं आ सकी। उन्होंने घटना को लेकर सरकार से जवाबदेही की मांग की।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved