
भोपाल। राजधानी के निपानिया जाट में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। चार युवकों से भरी एक कार अनियंत्रित होकर करीब 40 फीट गहरे पानी से भरे कुएं में जा गिरी। कार पानी में डूबने लगी तो अंदर फंसे युवकों की जान पर बन आई। गनीमत रही कि चारों को तैरना आता था। स्थानीय लोगों की मदद से कार का अगला कांच तोड़कर वे बाहर निकलने में सफल रहे। करीब ढाई घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद कार को भी कुएं से बाहर निकाल लिया गया।
कांच तोड़कर बाहर निकले चारों युवक
जानकारी के अनुसार, कार में प्रेम सिंह लोधी, ज्ञान सिंह लोधी समेत चार युवक सवार थे। शनिवार को निपानिया जाट क्षेत्र में उनकी कार अनियंत्रित होकर कुएं में जा गिरी। हादसे के बाद युवक कार के अंदर फंस गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल मदद करते हुए कार का अगला कांच तोड़ा, जिसके बाद चारों युवक बाहर निकलकर तैरते हुए सुरक्षित बाहर आ गए। सूचना पर पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद कार को भी कुएं से बाहर निकाल लिया गया।
रात में दौड़ते डंपरों पर उठे सवाल
हादसे के बाद निपानिया जाट से कनेरा जाने वाले मार्ग पर रात में चलने वाले गिट्टी-मुरम के भारी डंपरों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। जिला पंचायत उपाध्यक्ष मोहन सिंह जाट ने आरोप लगाया कि इस मार्ग पर रात के समय भारी डंपरों का आवागमन होता है, जिनसे पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि करीब एक साल पहले इस संबंध में कलेक्टर और एसपी को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की गई थी। उनका आरोप है कि शिकायत के बाद उन्हें धमकियां भी मिलीं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने प्रभावी कार्रवाई नहीं की।
डंपरों की जांच और कार्रवाई की मांग
मोहन सिंह जाट ने प्रशासन से निपानिया जाट-कनेरा मार्ग पर रात में चलने वाले गिट्टी-मुरम के डंपरों के दस्तावेजों और संचालन की जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में बड़े हादसों को रोका जा सके।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved