
इंदौर। आज शाम छात्रों की गूंज (Voice of Students) कार्यक्रम में अपनी बात कहने और छात्रों (Students) की बात सुनने के लिए विपक्ष के नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) इंदौर (Indore) आ रहे हैं। कार्यक्रम की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। कांग्रेस का दावा है कि कार्यक्रम के लिए 2 लाख छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। कार्यक्रम स्थल पर हजारों छात्रों के जुटने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में छात्रों की उपस्थिति को कायम रखने के लिए राहुल के मंच पर पहुंचने के पहले दो युवा कलाकार लाइव म्यूजिक प्रस्तुति देंगे। इनमें से एक तो लश्करी तो इंदौर के ही हैं, जो एमटीवी के सीजन 4 के विजेता हैं और युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय हैं। वे रैप थीम पर अपनी प्रस्तुति देते हैं। वहीं दूसरे सिंगर राघव चैतन्य हैं, जो एक टुकड़ा धूप गाने से मशहूर हुए हैं और उन्हें इसी के लिए 66वां फिल्म फेयर अवार्ड भी मिला है। दोनों कलाकारों की प्रस्तुति के बाद राहुल गांधी मंच पर होंगे और युवाओं से संवाद करेंगे। राहुल गांधी के इंदौर के इस कार्यक्रम को लेकर कांग्रेसियों मेें बड़ा उत्साह है और पहली बार ऐसा लग रहा है कि शहर में कांग्रेस का हर नेता एकजुट होकर काम कर रहा है। राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर जहां प्रदेश कांग्रेस का हर बड़ा नेता मौजूद है, वहीं प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और विपक्ष के नेता उमंग सिंघार कई दिनों से इंदौर में डेरा डाले हैं। राहुल गांधी के स्वागत के लिए राष्ट्रीय स्तर के नेता भी शहर में पहुंच चुके हैं। हालांकि प्रशासन ने राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर काफी बंदिशें लगाई हुई हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved