
नई दिल्ली । बिग बॉस(Bigg Boss) 20 के वीकेंड का वार में रविवार का एपिसोड कई घटनाओं से भरा रहा। शो के दूसरे नॉमिनेशन(Nomination) के बाद इस सीजन का पहला एविक्शन(Eviction) हुआ और ऑस्ट्रिया(Austria) के मॉडल रोहिद खान को घर से बाहर होना पड़ा। कम वोट(Votes) मिलने के बाद रोहिद का बिग बॉस के घर का सफर समाप्त हो गया।
इस सप्ताह घर से बाहर होने के लिए आसिफ, स्काउट ओपी, यंग डीएसए और रोहिद खान के नाम सामने आए थे। चारों प्रतिभागियों ने नॉमिनेशन प्रक्रिया को लेकर आपस में चर्चा की थी, जिसे घर के नियमों के खिलाफ माना गया। यंग डीएसए पिछले सप्ताह के कप्तान होने के कारण नॉमिनेशन से सुरक्षित रहे।
इसके बाद बाकी तीन प्रतिभागियों से दूसरा मौका हासिल करने का विकल्प भी छीन लिया गया। सीधे एविक्शन के लिए आसिफ, स्काउट ओपी और रोहिद खान के नाम रह गए। इनमें रोहिद को सबसे कम वोट मिले और उन्हें शो से बाहर कर दिया गया।
एपिसोड में घर के भीतर आम्रपाली और माही को लेकर भी एक मजेदार टास्क हुआ। सलमान खान ने घरवालों से पूछा कि आम्रपाली और माही में से कौन घर को बेहतर तरीके से संभालती हैं। इस दौरान चार सदस्यों ने माही के पक्ष में वोट किया, जबकि बाकी सदस्यों ने आम्रपाली को चुना।
ज्यादातर वोट मिलने के बाद आम्रपाली को घर की ठकुराइन चुना गया। हालांकि इस उपाधि के साथ उन्हें कोई विशेष लाभ नहीं मिला। टास्क के जरिए घरवालों की पसंद और दोनों के प्रति उनके नजरिए की झलक जरूर सामने आई।
एपिसोड में मनोरंजन का सिलसिला भी जारी रहा। सोनाली बेंद्रे और मुन्नावर फारुकी शो के सेट पर पहुंचे। सोनाली अपने आगामी कार्यक्रम के प्रचार के लिए आई थीं और सलमान खान के लिए हलवा भी लेकर पहुंचीं। उन्होंने अभिनेता को हलवा खिलाया और घर के सदस्यों से भी बातचीत की।
इसके अलावा सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया भी शो में पहुंचे। सिद्धार्थ ने बताया कि उनकी मां की पसंदीदा प्रतियोगी कनिका हैं। वहीं तमन्ना ने काजी तौकीर का समर्थन करते हुए उनके प्रदर्शन की तारीफ की। उन्होंने काजी से रॉकस्टार स्टेप सीखने की इच्छा जताई, जिसके बाद काजी ने उन्हें यह स्टेप सिखाया।
शो में काजी तौकीर को लेकर विवाद भी बढ़ता दिखाई दिया। सलमान खान ने शनिवार को किए गए सीने में दर्द के नाटक का कारण बताते हुए कहा कि इसका उद्देश्य घरवालों को यह समझाना था कि काजी पिछले कुछ समय से मेंटल हेल्थ को लेकर उनके साथ मजाक कर रहे थे।
सलमान ने यह भी कहा कि काजी का ऐसा करना गलत था और सेट पर उनके द्वारा किया गया नाटक भी सही नहीं था। उन्होंने काजी को समझाया कि उन्हें इस तरह का व्यवहार करने की जरूरत नहीं थी और वह अच्छा खेल रहे थे।
इसके बाद घर के कई सदस्य काजी के खिलाफ नजर आए। आसिफ खान, यंग डीएसए, रीति तिवारी और अरिश्फा समेत कुछ प्रतिभागियों ने उन पर नाराजगी जाहिर की। काजी और रीति तिवारी के बीच तीखी बहस भी हुई। रीति ने काजी से बात नहीं करने को कहा और नाराजगी जताई।
बहस के दौरान रीति ने गुस्से में काजी को अपशब्द भी कहे। काजी ने हालांकि शांत रहते हुए कहा कि उनका गुस्सा जायज है, लेकिन उन्हें गाली नहीं देनी चाहिए। बाद में काजी ने कैमरे के सामने दर्शकों से माफी मांगी और कहा कि मेंटल हेल्थ को लेकर उनसे कुछ गलत हुआ हो तो वह इसके लिए शर्मिंदा हैं। उन्होंने इसे मजाक बताते हुए कहा कि उनका किसी को नुकसान पहुंचाने का इरादा नहीं था।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved