
वाशिंगटन। अमेरिका (US) ने ईरान (Iran) के विमानन क्षेत्र (Aviation sector) के खिलाफ अब तक की सबसे सख्त कार्रवाई का एलान किया है। अमेरिकी वित्त मंत्री (US Treasury Secretary) स्कॉट बेसेंट (Scott Bessent) ने चेतावनी दी है कि 23 सितंबर से दुनिया भर में सभी ईरानी एयरलाइंस (Iranian airlines) का संचालन पूरी तरह ठप कर दिया जाएगा। बेसेंट ने चेतावनी देते हुए कहा, यदि ईरानी विमान लैंड करते हैं, तो कोई भी उन्हें ईंधन नहीं दे सकता, लैंडिंग सेवाएं उपलब्ध नहीं करा सकता और न ही उनके टिकट बेच सकता है। जो भी देश, एयरपोर्ट या कंपनी ईरानी विमानों को किसी भी प्रकार की सहायता मुहैया कराएगी, उसे तत्काल डॉलर आधारित वित्तीय प्रणाली से पूरी तरह बाहर कर दिया जाएगा।
दर्दनाक हमलों से दहला देंगे : ईरान
दूसरी ओर, ईरान के केंद्रीय सैन्य कमान खतम अल-अंबिया सेंट्रल हेडक्वार्टर ने अमेरिका को चेतावनी दी है कि यदि उसने ईरान के खिलाफ कोई भी नई सैन्य कार्रवाई शुरू की तो पूरे पश्चिम एशिया में मौजूद अमेरिकी ठिकानों पर बेहद दर्दनाक हमले किए जाएंगे। ईरानी सरकारी समाचार एजेंसी इरना की ओर से जारी बयान में ईरान ने दावा किया कि अमेरिका क्षेत्रीय देशों के सहयोग से सैन्य कार्रवाई की तैयारी कर रहा है।
सेना ने कहा कि यदि अमेरिका ने कोई भी चूक की, तो बिना किसी विचार के जवाबी कार्रवाई की जाएगी। ईरान की तरफ से यह चेतावनी अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की उस धमकी के बाद आया है कि अगर ईरान ने अपना रुख नहीं बदला, तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। उधर, समुद्री निगरानी एजेंसी यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (यूकेएमटीओ) ने बताया कि होर्मुज में अज्ञात प्रक्षेपास्त्र से एक तेल टैंकर पर हमला किया गया है। हमले में चालक दल के दो सदस्य घायल हुए हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved