
इंदौर। इंदौर में एमडी ड्रग्स की तस्करी के मामले में क्राइम ब्रांच ने बैकवर्ड लिंकेज का खुलासा करते हुए उज्जैन के खाचरौद से दो सह-आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 19 सितंबर को क्राइम ब्रांच ने इंदौर के एमआर-04 रोड से साकिर और मोहम्मद अली को 12.13 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ पकड़ा था। पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ड्रग्स की सप्लाई खाचरौद से होने की जानकारी सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने दबिश देकर फहीम और शेख को गिरफ्तार किया है।
इंदौर क्राइम ब्रांच ने एमडी ड्रग्स तस्करी के मामले में बैकवर्ड लिंकेज पर कार्रवाई करते हुए खाचरौद से दो सह-आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला 19 सितंबर का है, जब क्राइम ब्रांच की टीम ने राजकुमार मिल इलाके में एमआर-04 रोड पर श्री योगेंद्र सदगुरु शीलनाथ आश्रम के सामने चेकिंग के दौरान काले रंग की बजाज पल्सर पर सवार साकिर और मोहम्मद अली को पकड़ा था। दोनों के कब्जे से 12.13 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई थी, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है, साथ ही करीब एक लाख रुपये कीमत की मोटरसाइकिल भी जब्त की गई थी।
इस मामले में अपराध क्रमांक 0149/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 में प्रकरण दर्ज किया गया था। रिमांड के दौरान क्राइम ब्रांच ने आरोपियों से ड्रग्स की सप्लाई के बैकवर्ड लिंकेज को लेकर पूछताछ की और तकनीकी साक्ष्यों का भी विश्लेषण किया। पूछताछ में ड्रग्स की सप्लाई खाचरौद से होने की जानकारी सामने आने के बाद क्राइम ब्रांच की टीम ने खाचरौद में दबिश दी और फहीम खान और शेख खां को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ मामले में धारा 8/29 एनडीपीएस एक्ट का इजाफा किया गया है। पुलिस के मुताबिक फहीम सातवीं तक पढ़ा है और ड्राइवर का काम करता है, जबकि शेख पांचवीं तक शिक्षित है और पत्थर लगाने का काम करता है। अब पुलिस दोनों से ड्रग्स की मूल सप्लाई चेन, मुख्य स्त्रोत और नेटवर्क से जुड़े दूसरे लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है। क्राइम ब्रांच के मुताबिक इस साल 1 जनवरी से अब तक एनडीपीएस एक्ट के 72 मामलों में 156 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और इन कार्रवाइयों में करीब 3 करोड़ 89 लाख 46 हजार रुपये मूल्य के मादक पदार्थ और वाहन जब्त किए गए हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved