
जबलपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा द्वारा चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत निकाली जा रही सेवा संकल्प यात्रा बुधवार को जबलपुर पहुंची। शहर में प्रवेश के दौरान विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने यात्रा का स्वागत किया। इसके बाद यात्रा शहीद स्मारक, गोलबाजार पहुंची, जहां सेवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।
रांझी में यात्रा के पहुंचने पर लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, राज्यसभा सदस्य सुमित्रा बाल्मीकि, भाजपा जिलाध्यक्ष रत्नेश सोनकर, प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन, विधायक अशोक रोहाणी, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, जेडीए अध्यक्ष संदीप जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा पदाधिकारियों ने स्वागत किया। जबलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज में सेवा यात्रियों और जनप्रतिनिधियों ने पौधारोपण किया। अभियान के दौरान पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सहभागिता को प्रमुख गतिविधियों से जोड़ा गया। इसके बाद यात्रा सतपुला, कांचघर, घमापुर, बेलबाग, ओमती और मालवीय चौक होते हुए गोलबाजार स्थित शहीद स्मारक पहुंची। आयोजकों के अनुसार यात्रा के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, जनसंवाद, जन चौपाल, भजन और वरिष्ठ नागरिकों की सेवा जैसी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि सेवा संकल्प यात्रा सामाजिक जिम्मेदारी और जनभागीदारी की भावना को आगे बढ़ाने का माध्यम है। उन्होंने युवाओं से सामाजिक कार्यों, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण जैसी गतिविधियों से जुडऩे का आह्वान किया। भाजपा जिलाध्यक्ष रत्नेश सोनकर ने कहा कि यात्रा के दौरान पौधारोपण, स्वच्छता, जल संरक्षण, गौसेवा और जनसंवाद सहित कई गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। उनका कहना था कि सेवा कार्यों को समाज की सहभागिता के साथ आगे बढ़ाना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।
शहीद स्मारक में सेवा गतिविधियों पर चर्चा
गोलबाजार स्थित शहीद स्मारक सभागार में आयोजित सेवा संवाद में राकेश सिंह, रत्नेश सोनकर, गौतम चौहान, योगेंद्र सिंह और गौरव राजावत ने विचार रखे। वक्ताओं ने केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी पात्र लोगों तक पहुंचाने और जरूरतमंदों को योजनाओं का लाभ दिलाने पर चर्चा की। सेवा संवाद के दौरान सामाजिक गतिविधियों को निरंतर आगे बढ़ाने तथा आम लोगों को सेवा कार्यों से जोडऩे की बात कही गई। कार्यक्रम में भाजपा के विभिन्न पदाधिकारी, युवा मोर्चा के कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और सेवा यात्रा में शामिल युवा मौजूद रहे।