
भोपाल । केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री मोहन यादव (Union Minister Nitin Gadkari and Chief Minister Mohan Yadav) ने सुगम परिवहन सेवा का शुभारंभ किया (Launched accessible Transport Service) । इसके तहत 351 बसें रवाना की गईं ।
बस आवागमन की दृष्टि से मध्य प्रदेश के लिए 25 सितंबर खास दिन रहा, क्योंकि राज्य में मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा योजना की शुरुआत हुई है। केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री मोहन यादव ने रिमोट के जरिए इस सेवा की शुरुआत की। भोपाल के भेल दशहरा मैदान में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री गडकरी और मुख्यमंत्री मोहन यादव ने परिवहन सेवा का शुभारंभ किया है। 21 साल बाद एक बार फिर राज्य की सड़कों पर सरकारी बसें दौड़ती नजर आएगी।
प्रदेशवासियों को सुगम, सुरक्षित, आधुनिक और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा शुरू की गई है। इस सेवा से शहरी-ग्रामीण क्षेत्रों में बस कनेक्टिविटी को मजबूत किया जाएगा। प्रदेश की 75 प्रतिशत ग्राम पंचायतों तक परिवहन सेवा का विस्तार किया जाएगा। राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा अंतर्गत वर्ष 2031 तक प्रदेश में 15 हजार बसें संचालित करने का लक्ष्य रखा है, जबकि पहले वर्ष यह लक्ष्य 1,500 बसों के संचालन का होगा। इसके बाद प्रतिवर्ष लगभग 2,500 से 3,000 बसें बढ़ाई जाएंगी।
मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा अंतर्गत पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप मॉडल को बढ़ावा दिया जाएगा। ये बसें आधुनिक सुविधाओं से युक्त है और सुरक्षा की दृष्टि से अनुकूल रहेंगी। तकनीक का भी भरपूर उपयोग किया जाएगा। इंटेलिजेंट ट्रांसपोर्ट मैनेजमेंट सिस्टम के माध्यम से बसों के संचालन, लोकेशन और समयबद्धता की रियल-टाइम मॉनिटरिंग की जाएगी। मध्यप्रदेश यात्री परिवहन इन्फ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड एवं उसकी 7 सहायक कंपनियों में कमांड-कंट्रोल सेंटर स्थापित किए गए हैं, जहां से बसों की निगरानी की जाएगी। इसके साथ ही यात्रियों विशेषकर महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सर्विलांस के लिए हर बस में सीसीटीवी कैमरा इंस्टॉल रहेगा।आपात स्थिति में यात्रियों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के लिए बसों में पैनिक बटन की सुविधा होगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved