
खगड़िया: उत्तर प्रदेश के नोएडा एक्सप्रेसवे पर चलती बस में बीते दिनों आग लग गई थी. अब बिहार के खगड़िया जिले से भी एक बस में आग लगने की खबर सामने आई है, जहां मानसी थाना क्षेत्र के NH-31 पर शनिवार की तड़के सुबह एक हादसा हो गया. यहां चलती तीर्थयात्री बस आग का गोला बन गई. अनिल होटल के पास हुए इस हादसे के वक्त बस में लगभग 50 से 60 तीर्थयात्री सवार थे, जो अपनी यात्रा पर निकले थे. सुबह के करीब तीन बजे अचानक बस से धुआं उठने लगा.
इसके बाद देखते ही देखते आग की विकराल लपटों ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे सड़क किनारे वाहन धू-धू कर जलने लगा. गनीमत यह रही कि आग के पूरे वाहन में फैलने से पहले ही यात्रियों और चालक दल ने गजब की सूझबूझ दिखाई और समय रहते बस से कूदकर अपनी जान बचा ली. इस अफरा-तफरी के बीच सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहे.
इससे एक बड़ा और भीषण सड़क हादसा टल गया. फिर स्थानीय लोगों ने तुरंत मुस्तैदी दिखाते हुए इस घटना की सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी, जिसके बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया. वहीं घटना की सूचना मिलते ही मानसी थाना पुलिस और दमकल की गाड़िया मौके पर पहुंचीं. फिर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका.
हालांकि तब तक बस का अधिकांश हिस्सा जलकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था. इस दुर्घटना में किसी भी यात्री के हताहत होने की कोई खबर नहीं है, जिससे परिजनों और प्रशासन ने राहत की सांस ली है. फिलहाल पुलिस ने मौके का मुआयना कर लिया है और बस में अचानक आग लगने के वास्तविक कारणों की तकनीकी जांच की जा रही है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved