
उज्जैन। सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को उज्जैन पहुंची संकल्प सेवा यात्रा के सदस्यों ने चिंतामन गणेश मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया। सदस्यों ने मंदिर परिसर के साथ ही आसपास के मार्गों और सार्वजनिक स्थलों पर श्रमदान कर कचरा साफ किया।
अभियान के दौरान श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से स्वच्छता को लेकर संवाद भी किया गया। सदस्यों ने कहा कि धार्मिक स्थलों की स्वच्छता केवल सफाई कर्मचारियों की जिम्मेदारी नहीं है। श्रद्धालुओं और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से ही मंदिर और उसके आसपास का वातावरण स्वच्छ रखा जा सकता है। कार्यक्रम में शामिल श्रद्धालुओं और नागरिकों ने अपने घर, मोहल्ले और आसपास के सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने की शपथ ली। उन्होंने कचरा निर्धारित स्थान पर डालने और दूसरों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। अभियान के माध्यम से आस्था के साथ स्वच्छता को जोड़ते हुए जनभागीदारी का संदेश दिया गया।