
उज्जैन। सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय माधव महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना और राष्ट्रीय कैडेट कोर के विद्यार्थियों ने जनजागरूकता के लिए नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। प्राचार्य डॉ. कल्पना वीरेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में मंगलनाथ और सांदीपनि आश्रम में ये आयोजन किए गए। अभियान के तहत मंगलनाथ क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया गया।
यहां एनसीसी कैडेट्स ने स्वच्छता विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर कचरे के उचित निपटान, प्लास्टिक के कम उपयोग और सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने आमजन को कचरा न सड़क पर डालेंगे, न डालने देंगे का संकल्प भी दिलाया। इसके बाद सांदीपनि आश्रम में एनएसएस स्वयंसेवकों ने नशामुक्त समाज—स्वस्थ समाज विषय पर नुक्कड़ नाटक किया। शेखर गोयल और देव चौहान के नेतृत्व में टीम ने शराब और अन्य नशीले पदार्थों के दुष्परिणाम बताते हुए नशामुक्त जीवन का महत्व समझाया। युवाओं को नशा छोड़कर स्वस्थ व सकारात्मक जीवन जीने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में प्रचार-प्रसार समिति के प्रभारी डॉ. दिनेश जोशी, आंतरिक गुणवत्ता प्रभारी डॉ. संगीता दुबे, एनसीसी अधिकारी मेजर डॉ. मोहन निमोले, डॉ. रफीक नागौरी, राजनीति विज्ञान की प्राध्यापक डॉ. हुक्का कटारा, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी प्रो. रायसिंह सोलंकी, 10 मध्य प्रदेश बटालियन के नायब सूबेदार कुलबीर सिंह, डॉ. नूतन पंवार और राधेश्याम भील सहित कई विद्यार्थी और स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved