
सिहोरा। शहर में एलपीजी की आपूर्ति सामान्य होने के बावजूद नए घरेलू गैस कनेक्शन मिलने का रास्ता बंद है। गैस एजेंसियों पर पिछले 6 महीनों से नए कनेक्शन के लिए सैकड़ों आवेदन पेंडिंग हैं। ऑनलाइन आवेदन की सुविधा वेबसाइट पर खुली है। लोग आवेदन भी कर रहे हैं। लेकिन सिस्टम स्तर पर अप्रूवल नहीं मिल रहा है। ऐसे में नए कनेक्शन के इंतजार में परिवारों को 5 व 10 किलो के सिलेंडर का महंगा विकल्प अपनाना पड़ रहा है। शहर में नए मकान में रहने आए बाहर के परिवारों को भी घरेलू गैस कनेक्शन के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। गैस एजेंसी संचालकों के मुताबिक मार्च 2026 से नए घरेलू कनेक्शन की प्रक्रिया बंद है। संचालकों का कहना है कि अमेरिका और अन्य देशों के बीच युद्ध जैसे हालात बनने के बाद से नए कनेक्शनों पर रोक लगी है। हालांकि, पहले से कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं को रिफिल मिलने में परेशानी नहीं है।
10 किलो का कंपोजिट सिलेंडर करीब 1600 रुपए में मिल रहा
नया घरेलू कनेक्शन नहीं मिलने से लोग 5 और 10 किलो के सिलेंडर खरीद रहे हैं। इनमें 10 किलो का कंपोजिट सिलेंडर करीब 1600 रुपए में मिल रहा है। यह 14 किलो के घरेलू सिलेंडर की तुलना में महंगा विकल्प साबित हो रहा है। कई एजेंसियों पर 10 किलो के सिलेंडर भी उपलब्ध नहीं हैं। जहां उपलब्ध हैं, वहां लोगों को अधिक कीमत चुकानी पड़ रही है। शहर में नए परिवारों के सामने घरेलू गैस कनेक्शन नहीं मिलने से आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। बाहर से आने वाले लोगों पर भी बोझ बढ़ रहा है।
एक एजेंसी पर हर महीने 15 से 20 नए कनेक्शन के आवेदन
गैस एजेंसी संचालक ने बताया कि मार्च से पहले तक एजेंसी पर हर महीने करीब 20 नए गैस कनेक्शन जारी होते थे। एजेंसी पर रोजाना दो से तीन लोग नए कनेक्शन के लिए पूछताछ करने पहुंच रहे हैं। कनेक्शन के लिए आवेदन लेकर रख रहे हैं। यदि नए कनेक्शन की प्रक्रिया शुरू हो जाए तो जिले में हर महीने करीब 100 से 150 नए ग्राहक जुड़ सकते हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved