
इंदौर। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के इंदौर शहर (Indore city) के स्कीम नंबर-155 में देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहां एक पोती (Granddaughter) ने अपने ही सगे दादा पर क्रिकेट बैट से ताबड़तोड़ हमला (Cricket bat attack) कर उनकी निर्मम हत्या कर दी. वारदात की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी पोती को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ शुरू कर दी है।
एरोड्रम थाना पुलिस की जांच में सामने आया है कि आरोपी पोती अपने दादा के वर्षों पहले किए गए गलत व्यवहार (प्रताड़ना) से बेहद आक्रोशित और मानसिक रूप से परेशान थी. इसी पुरानी रंजिश और गुस्से के चलते उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
देर रात बुलेट से पहुंची और सो रहे दादा पर किया जानलेवा हमला
पुलिस के अनुसार, वारदात देर रात करीब सवा दो बजे की है. मृतक दादा अपनी पत्नी के साथ स्कीम नंबर 155 स्थित आवास में रहते थे, जबकि आरोपी पोती शहर के महालक्ष्मी नगर इलाके में अपने माता-पिता के साथ रहती है।
घटना वाली रात महालक्ष्मी नगर में युवती का अपने माता-पिता से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. माता-पिता से झगड़े के बाद वह अत्यधिक गुस्से में आ गई और अपनी बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार होकर सीधे स्कीम नंबर 155 स्थित दादा-दादी के घर जा पहुंची. उस वक्त दादा-दादी घर के अंदर सो रहे थे. घर में दाखिल होते ही युवती ने पास रखा क्रिकेट बैट उठाया और सो रहे दादा के शरीर व सिर पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
7-8 साल पुरानी प्रताड़ना का पुलिस पूछताछ में हुआ खुलासा
मामले की जानकारी देते हुए जोन के डीसीपी नरेंद्र रावत ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाकर आरोपी पोती को हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी युवती ने खुलासा किया है कि लगभग 7 से 8 साल पहले उसके दादा ने उसके साथ गलत व्यवहार किया था. इस पुरानी घटना और प्रताड़ना को लेकर वह लंबे समय से मानसिक तनाव में चल रही थी और उसके मन में दादा के प्रति गहरा आक्रोश था. देर रात परिजनों से हुए विवाद के बाद उसका गुस्सा फूट पड़ा और उसने दादा की हत्या कर दी।
पुलिस फिलहाल आरोपी युवती से गहन पूछताछ कर रही है तथा मामले से जुड़े सभी पहलुओं, पारिवारिक पृष्ठभूमि और घटनाक्रम की फॉरेंसिक जांच में जुटी हुई है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved