
उज्जैन। सिंहस्थ में महाकाल मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए निर्माण कार्यों में अब देरी नहीं चलेगी। जितने भी निर्माण काम चल रहे हैं उन्हें समय सीमा में पूरा करना होगा।
कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने महाकाल महालोक के त्रिनेत्र कंट्रोल रूम में निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी काम तय समय-सीमा में तरीके से पूरे करने को कहा। बैठक में भक्त निवास, त्रिवेणी सरफेस पार्किंग, लड्डू निर्माण इकाई, विजिटर फैसिलिटी सेंटर-3 (वीएफसी-3) सहित महाकाल लोक में प्रस्तावित शेड और बैरिकेडिंग की प्रगति पर चर्चा हुई। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि निर्माण के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता दी जाए। मंदिर क्षेत्र में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा, सुगम आवाजाही और व्यवस्थित दर्शन मिलना सुनिश्चित किया जाए। बैठक के बाद कलेक्टर ने अधिकारियों के साथ पंचमुखी, मानसरोवर, फैसिलिटी सेंटर, अवंतिका द्वार, चौबीस खम्बा रोड, महाकाल रोड, महाकाल घाटी और नीलकंठ सरफेस पार्किंग का निरीक्षण किया। उन्होंने चल रहे निर्माण कार्यों और व्यवस्थाओं की मौके पर स्थिति देखी और जरूरी निर्देश दिए। समीक्षा बैठक में नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा, प्रशासक, स्मार्ट सिटी सीईओ सहित संबंधित अधिकारी और निर्माण एजेंसियों के इंजीनियर मौजूद रहे।