
नई दिल्ली. यूट्यूबर (YouTuber) ध्रुव राठी (Dhruv Rathee) को गुरुग्राम (Gurugram) में हिरासत में लिया गया है. सुबह 8 बजे पुलिस ने यह कार्रवाई की है. हालांकि, उन्हें हिरासत में लेने की वजह और मामले से जुड़ी जानकारी फिलहाल स्पष्ट नहीं है.
गुरुवार को ध्रुव राठी बेंगलुरु में एसआईआर (SIR) के खिलाफ विरोध प्रदर्शन में पहुंचे थे. बता दें, शनिवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन से पहले पुलिस ने यह कार्रवाई की है.
गौरतलब है कि शुक्रवार को ध्रुव राठी ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन में शामिल होने को लेकर इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया था. उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए लोगों से जंतर-मंतर पहुंचकर प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की थी.
दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. दक्षिणी दिल्ली के डीसीपी अनंत मित्तल ने बताया कि प्रदर्शन के आह्वान को देखते हुए दक्षिणी जिले समेत पूरी दिल्ली में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं. अंतरराज्यीय और अंतर-जिला सीमाओं पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है. पुलिस जांच के जरिए अनधिकृत लोगों को दिल्ली में प्रवेश करने से रोक रही है.
दिल्ली पुलिस की तैयारी
डीसीपी अनंत मित्तल ने कहा, ‘हमारा उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आज का दिन शांतिपूर्ण तरीके से गुजरे. विभिन्न सीमाओं पर करीब 12 पुलिस पिकेट बनाए गए हैं. इसके अलावा जिले के भीतर भी कई जगह पुलिस पिकेट लगाए गए हैं और बाहरी पुलिस चौकियों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है.’
CJP प्रोटेस्ट के मद्देनजर लगभग 25 हजार पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है. पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान निगरानी के लिए बॉडी कैमरों का इस्तेमाल शुरू किया है, जो अंधेरे में भी काम करते हैं. इसका उद्देश्य प्रदर्शन के दौरान घटनाओं की वीडियो रिकॉर्डिंग करना है ताकि पुलिस पर लगे आरोपों का वीडियो सबूत के जरिए जवाब दिया जा सके. सुरक्षा के मद्देनजर दिल्ली की सीमाओं, रेलवे स्टेशनों, बस टर्मिनलों और मेट्रो स्टेशनों पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved