
पटना। बिहार में विधानपरिषद चुनाव को लेकर राजनीति तेज हो रही है। इस चुनाव में जदयू के बीच बड़े स्तर पर कलह दिखाई दे रही है। पार्टी के विधायक अनंत सिंह ने MLC चुनाव में उम्मीदवार नीरज कुमार का विरोध करने का ऐलान किया है। अनंत सिंह का आरोप है कि विधानसभा चुनाव के दौरान नीरज कुमार ने उनके खिलाफ काम किया था। अनंत सिंह को मनाने की कई कोशिशें हुई लेकिन अनंत सिंह नहीं माने। वहीं, अब नीरज कुमार ने भी अनंत सिंह पर बड़ा हमला बोला है।
बिहार के बाढ़ में एक सभा को संबोधित करते हुए MLC उम्मीदवार नीरज कुमार ने अनंत सिंह पर निशाना साधते हुए कहा- “हम पर आरोप लगाया जाता है कि हम अपराध की राजनीति करते हैं, गुंडागर्दी की राजनीति करते हैं। किसी माई के लाल में दम नहीं है कि मेरा चरित्र हनन कर दे। ऐसा कहा गया कि हम AK 56 रखवाते हैं, क्या यही हमारा संस्कार हैं? राजनीतिक आरोप हम बर्दाश्त कर लेंगे लेकिन कोई हमारा चरित्रहण करेगा तो हम इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे। इसलिए हम जनता की अदालत में आये हैं।”
जदयू के MLC उम्मीदवार नीरज कुमार ने अनंत सिंह पर निशाना साधते हुए कहा- “कभी ललन सिंह तो कभी आरसीपी सिंह पर फंसाने का आरोप लगाते हैं। कोई किसी को नहीं फंसाता। हम डरने वाले नहीं हैं, अड़ने वाले हैं। किसी को चुनौती नहीं देते पर झुक कर वोट भी नहीं मांगते। एनडीए के कार्यकर्ता को कोई डराने की कोशिश करेगा तो कानून उसके जबड़े तक जाएगा।”
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved