
जहानाबाद। समाज में फैली कुरीतियों को खत्म करने और सामाजिक बदलाव की दिशा में बिहार के जहानाबाद के ग्रामीणों ने एक सराहनीय और प्रेरणादायक पहल की है। पूर्व मंत्री कृष्णनंदन वर्मा के नेतृत्व में ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से मृत्यु भोज (श्राद्ध भोज) की वर्षों पुरानी प्रथा को पूरी तरह बंद करने का बड़ा निर्णय लिया है। ग्रामीणों का मानना है कि मृत्यु भोज के आयोजन से शोकाकुल परिवार पर आर्थिक बोझ बढ़ता है। ऐसे में इस परंपरा को समाप्त करना समाज के हित में एक जरूरी कदम है। इस दौरान दर्जनों ग्रामीणों ने मृत्यु भोज बंद करने के संकल्प के साथ साथ मृत्यु भोज बंद हो के नारे लगाए।
मामला मखदुमपुर प्रखंड के सुगांव गांव का है। दरअसल, गांव में किसी परिवार में एक महिला की मौत के बाद मृत्यु भोज कराने को लेकर सामाजिक दबाव बन रहा था। परिवार पहले से ही आर्थिक और मानसिक परेशानी से गुजर रहा था। ऐसे में ग्रामीणों और बुद्धिजीवियों ने पहल करते हुए रविवार को सूर्य मंदिर परिसर में आमसभा बुलाई गयी। जहां बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए और बैठक में लंबी चर्चा के बाद सर्वसम्मति से फैसला लिया गया कि अब सुगांव का कोई भी परिवार मृत्यु भोज का आयोजन नहीं करेगा और ना ही कोई मृत्यु भोज में शामिल होगा।
इस फैसले को लेकर ग्रामीणों को शपथ दिलाया गया और पंचनामा भी तैयार किया गया, जिस पर दर्जनों ग्रामीणों ने हस्ताक्षर कर अपनी सहमति जताई। ग्रामीणों का कहना है कि अपनों को खोने के बाद परिवार पहले ही गहरे दुख में होता है। ऐसे समय में मृत्यु भोज जैसी परंपराएं आर्थिक बोझ बढ़ाती हैं। कई गरीब परिवारों को इसके लिए कर्ज लेना पड़ता है, यहां तक कि जमीन-जायदाद तक बेचनी पड़ जाती है। ग्रामीणों ने एक संदेश देते हुए कहा ऐसा भोज किस काम का, जो मरने के बाद भी परिवार को दुख और कर्ज दे।सुगांव के ग्रामीणों की यह पहल समाज के लिए एक बड़ी मिसाल है। अब देखना होगा कि इस फैसले से प्रेरणा लेकर दूसरे गांव भी ऐसी कुरीतियों के खिलाफ आगे आते हैं या नहीं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved