img-fluid

लिव-इन पार्टनर को मिलने के बहाने बुलाया, रेप के बाद गला दबाकर की हत्या

November 29, 2026

सूरत: गुजरात के सूरत (Surat, Gujarat) में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पुलिस ने वारदात को अंजाम देकर फरार हुए 24 वर्षीय आरोपी को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी की पहचान बब्बू रामलाल राजभर के रूप में हुई है. उस पर अपनी प्रेमिका को मिलने के बहाने बुलाकर दुष्कर्म करने और फिर गला दबाकर हत्या करने का आरोप है.

दरअसल, यह मामला सूरत के इच्छापोर पुलिस थाना क्षेत्र का है. पुलिस के मुताबिक, प्रेमिका और बब्बू राजभर पिछले करीब 7 से 8 महीनों से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे. हालांकि, पिछले कुछ महीनों से दोनों के बीच अनबन चल रही थी. विवाद इतना बढ़ गया था कि दोनों ने एक-दूसरे से बातचीत तक बंद कर दी थी.

पुलिस जांच में सामने आया कि इसी विवाद को सुलझाने और मिलने के बहाने आरोपी ने महिला को फोन करके बुलाया था. इसके बाद वह उसे इच्छापोर बस स्टैंड नंबर-03 के पास स्थित एसआर होटल के पीछे नहर किनारे खुले गटर के पास एक सुनसान जगह पर ले गया. आरोप है कि वहां उसने महिला के साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी. वारदात के बाद आरोपी शव को वहीं छोड़कर फरार हो गया.

लापता होने की शिकायत के बाद मिला महिला का शव
पुलिस के मुताबिक, प्रेमिका के लापता होने पर उसके परिवार ने इच्छापोर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और आसपास के इलाकों में पूछताछ के लिए अलग-अलग टीमें लगाईं. इसी दौरान मंगलवार को महिला का फोन बंद आने लगा और तलाश के दौरान उसका शव इच्छापोर थाना क्षेत्र के एक सुनसान इलाके में बरामद हुआ.


  • शुरुआत में पुलिस ने शव मिलने के बाद आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी. हालांकि, महिला की मौत की परिस्थितियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया. इसके बाद जांच की दिशा बदली गई और मृतका के साथ रहने वाले लोगों से अलग-अलग पूछताछ शुरू हुई. घटनास्थल के आसपास रहने वाले लोगों को भी बुलाकर जानकारी जुटाई गई.

    इच्छापोर पुलिस निरीक्षक एसए शाह के नेतृत्व में जांच टीम ने मृतका और आरोपी के संबंधों की पड़ताल की. इसी दौरान पता चला कि रंजना और बब्बू राजभर के बीच पिछले सात से आठ महीनों से प्रेम संबंध थे. पिछले तीन से चार महीनों से दोनों के बीच तनाव चल रहा था और बातचीत बंद थी. एसीपी श्वेता डेनियाल के मुताबिक, दोनों के बीच पिछले करीब दो महीनों से झगड़े हो रहे थे.

    यूपी के गाजीपुर का रहने वाला है आरोपी, सर्विलांस से पकड़ा गया
    पुलिस को जांच के दौरान बब्बू राजभर की भूमिका पर शक हुआ. हत्या में उसकी संलिप्तता सामने आने के बाद उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया. वारदात के बाद से ही वह फरार चल रहा था. पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और खुफिया जानकारी की मदद से उसकी लोकेशन ट्रेस की और एक टीम उत्तर प्रदेश भेजी.

    इच्छापोर पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी को यूपी से गिरफ्तार कर लिया. उसकी पहचान 24 वर्षीय बब्बू रामलाल राजभर के रूप में हुई है. वह मजदूरी करता है और सूरत में इच्छापोर बस स्टैंड नंबर-03 के पास जय राज सोसायटी में मकान नंबर E-39 में नानीबेन के किराये के मकान में रहता था. उसका मूल निवास अमेदा गांव, जिला गाजीपुर, उत्तर प्रदेश है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ इच्छापोर थाने में पार्ट-ए के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 64(1), 66 और 103(1) में मामला दर्ज किया गया है. गिरफ्तारी के बाद उसे रिमांड पर लिया गया है. पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य सबूत जुटाए जा रहे हैं.

    सूरत पुलिस की एसीपी श्वेता डेनियाल ने मीडिया को बताया कि पुलिस कमिश्नर सूरत शहर, अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर सेक्टर-2 और उपायुक्त जोन-7 के मार्गदर्शन में इच्छापोर पुलिस की टीम ने उत्तर प्रदेश से आरोपी को गिरफ्तार किया है. उन्होंने बताया कि प्रेमिका पिछले करीब आठ महीनों से बब्बू राजभर के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी. पिछले दो महीनों से दोनों के बीच विवाद चल रहा था और बातचीत बंद थी. एसीपी के अनुसार, दोनों के बीच चल रहे झगड़े को सुलझाने के लिए मुलाकात हुई थी. इस दौरान उनके बीच शारीरिक संबंध बने, लेकिन इसके बाद फिर विवाद शुरू हो गया. देखते ही देखते बात हाथापाई तक पहुंच गई. इसी दौरान आरोपी ने रंजना का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और शव को सुनसान जगह पर छोड़कर भाग निकला.

    एसीपी ने बताया कि पुलिस ने महिला के लापता होने की शिकायत मिलते ही अलग-अलग टीमें बनाकर जांच शुरू कर दी थी. महिला का शव मिलने के बाद आरोपी की तलाश तेज की गई. ह्यूमन सर्विलांस और तकनीकी जानकारी के आधार पर उसे जल्द ही पकड़ लिया गया. अब तक इच्छापोर पुलिस थाने के रिकॉर्ड में आरोपी के खिलाफ पहले से कोई आपराधिक मामला दर्ज होने की जानकारी नहीं मिली है. हालांकि, पुलिस उसके मूल निवास और अन्य स्थानों पर भी पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की पड़ताल कर रही है.

    पुलिस टीम की भूमिका, आरोपी से पूछताछ जारी
    इस मामले में इच्छापोर पुलिस निरीक्षक एसए शाह के नेतृत्व में कार्रवाई की गई. सर्विलांस टीम के प्रभारी पीएसआई बीआर गोहिल, एएसआई राजूभाई रत्नाथ, एएसआई विजयभाई चंपकभाई समेत अन्य पुलिसकर्मियों ने आरोपी को पकड़ने में अहम भूमिका निभाई. पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने तकनीकी निगरानी और खुफिया इनपुट के आधार पर गिरफ्तारी को अंजाम दिया. फिलहाल आरोपी पुलिस रिमांड पर है और उससे पूछताछ की जा रही है. पुलिस हत्या से जुड़े घटनाक्रम, आपसी विवाद और वारदात के बाद फरार होने के दौरान उसकी गतिविधियों की जांच कर रही है. लापता महिला की तलाश से शुरू हुई जांच अब हत्या के खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी तक पहुंच गई है.

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved