
चेन्नई. परिसीमन बिल (Delimitation Bill) को लेकर DMK प्रमुख एमके स्टालिन (M.K. Stalin) और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. इस मुद्दे पर डीएमके को मनाने के लिए राहुल गांधी समेत विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के वरिष्ठ नेता चेन्नई रवाना हो गए हैं. इस बीच DMK राहुल गांधी पर हमलावर हो गई है.
चेन्नई दौरे से पहले राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए स्टालिन और DMK से परिसीमन संविधान संशोधन विधेयकों का विरोध करने की अपील की. राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में लिखा, ‘इंडिया गठबंधन के वरिष्ठ नेता और मैं थिरु एमके स्टालिन से मिलने चेन्नई जा रहे हैं ताकि उनसे और डीएमके से परिसीमन संविधान संशोधन विधेयकों का विरोध करने की अपील की जा सके.’
उन्होंने दावा किया कि लोकसभा सीटों को बढ़ाकर 850 करने से भारत में लोकतंत्र खत्म हो जाएगा. राहुल के मुताबिक, ‘इससे भाजपा-RSS को अपने फायदे के लिए भारत के पूरे चुनावी नक्शे को फिर से तैयार करने की असीमित छूट मिल जाएगी.’
राहुल ने स्टालिन को ‘भाई’ कहकर संबोधित करते हुए कहा कि स्टालिन हमेशा तमिल विरोधी ताकतों के खिलाफ चट्टान की तरह खड़े रहे हैं और देश, तमिलनाडु और संविधान की रक्षा के लिए इस बिल को मिलकर हराना होगा.
स्टालिन का दो-टूक जवाब: ‘हम कट्टाबोम्मन हैं, एट्टप्पन नहीं’
राहुल गांधी की इस अपील पर एमके स्टालिन ने कड़ा जवाब दिया है. उन्होंने अपने फैसले पर किसी भी तरह के समझौते से इनकार कर दिया. स्टालिन ने भी राहुल गांधी को ‘भाई’ कहकर संबोधित करते हुए लिखा, ‘संविधान और राज्यों के अधिकारों की रक्षा में DMK की ऐतिहासिक भूमिका को स्वीकार करने के लिए भाई राहुल गांधी का हार्दिक धन्यवाद. हमने हमेशा तमिलनाडु और हमारे तमिल लोगों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए ही हर फैसला लिया है.’
स्टालिन ने इतिहास के दो किरदारों- महान स्वतंत्रता सेनानी राजा वीरपांडिया कट्टाबोम्मन (जिन्होंने अंग्रेजों से लोहा लिया) और गद्दारी के प्रतीक माने जाने वाले ‘एट्टप्पन’ का जिक्र किया. स्टालिन ने कहा, ‘हम इस रास्ते पर कोई समझौता नहीं करेंगे और मुझे विश्वास है कि इतिहास हमें कट्टाबोम्मन के रूप में दर्ज करेगा, न कि एट्टप्पन के रूप में.’
बता दें कि इससे पहले राहुल गांधी ने परिसीमन मुद्दे पर अप्रत्यक्ष रूप से डीएमके की तुलना ‘एट्टप्पन’ से की थी.
DMK IT विंग और प्रवक्ता का भी हमला
स्टालिन के साथ-साथ DMK IT विंग और पार्टी प्रवक्ता ने भी कांग्रेस नेतृत्व पर निशाना साधा. DMK IT विंग ने राहुल गांधी की पोस्ट पर कंद कसते हुए लिखा, ‘और यही वो भाई हैं जिनकी पीठ में आपने इतनी बेशर्मी से छुरा घोंपा है मिस्टर राहुल.’
वहीं, DMK प्रवक्ता ने भी राहुल गांधी के चेन्नई स्वागत की बात कहते हुए कहा कि अब बहुत देर हो चुकी है. प्रवक्ता ने कहा, ‘चेन्नई में आपका स्वागत है सर. हमने आपसे बहुत बड़ी उम्मीदें लगाई थीं. जब हमारे नेता ने आपको अपना छोटा भाई कहा, तो आप हम सभी के भाई बन गए. DMK तमिलों और तमिलनाडु के कल्याण को सबसे ऊपर रखती है. क्या आपको नहीं लगता कि अब वक्त निकल चुका है.’
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved