
बेंगलुरु । कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार (Karnataka Chief Minister D.K. Shivakumar) ने पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क के साथ (With Polish Prime Minister Donald Tusk) द्विपक्षीय बातचीत की (Held Bilateral Talks) ।
पोलैंड के प्रधानमंत्री टस्क और उनका प्रतिनिधिमंडल गुरुवार रात दिल्ली से बेंगलुरु पहुंचे, जहां वे कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। शिवकुमार ने पोलैंड को राज्य की ‘ग्लोबल इन्वेस्टर्स मीट 2027’ में ‘कंट्री पार्टनर’ (देश भागीदार) के रूप में शामिल होने का निमंत्रण दिया। उन्होंने पोलैंड के एक बिजनेस ग्रुप की ओर से प्रस्तावित निवेश का भी जिक्र किया, जिससे कर्नाटक में लगभग 1,000 नौकरियां पैदा हो सकती हैं। शिवकुमार और प्रधानमंत्री टस्क के बीच हुई इस बैठक में पोलैंड के वित्त मंत्री आंद्रेज डोमांस्की और पोलैंड सरकार के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
इस दौरान कर्नाटक के भारी और मध्यम उद्योग तथा बुनियादी ढांचा विकास मंत्री एम.बी. पाटिल, आईटी-बीटी और गृह मंत्री प्रियांक खड़गे, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव तुषार गिरि नाथ और उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के प्रधान सचिव एस. सेल्वकुमार भी उपस्थित थे। पोलैंड के प्रधानमंत्री के साथ बैठक के दौरान शिवकुमार ने कहा, “पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क और उनके प्रतिनिधिमंडल का बेंगलुरु में स्वागत करना खुशी की बात है। बेंगलुरु, कर्नाटक का एक ऐसा वैश्विक केंद्र है, जो तकनीक, नवाचार (इनोवेशन) और उद्यमिता के लिए जाना जाता है।”
‘ग्लोबल इन्वेस्टर्स मीट 2027’ में कर्नाटक के साथ साझेदारी करने के लिए पोलैंड को आमंत्रित करते हुए शिवकुमार ने कहा कि राज्य निवेश, तकनीक, नवाचार और रोजगार के क्षेत्रों में आपसी सहयोग को अधिक गहरा करना चाहता है। उन्होंने कहा कि इसमें बेंगलुरु के तकनीकी इकोसिस्टम और पोलैंड की एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तथा ग्रीन एनर्जी के क्षेत्र में विशेषज्ञता का लाभ उठाया जा सकता है। कर्नाटक में पोलैंड के निवेश के लिए काफी संभावनाएं हैं, खासकर मेडिकल उत्पादों, हेल्थकेयर और एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में।” उन्होंने आगे कहा कि राज्य ऐसे निवेश को आकर्षित करना चाहता है जो नई तकनीकें लाएं, स्थानीय उद्योगों को मजबूत करे, बेहतर रोजगार के अवसर पैदा करे और निर्यात को बढ़ावा दे।
कर्नाटक और पोलैंड के बीच पहले से मौजूद सहयोग का जिक्र करते हुए शिवकुमार ने ‘चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री इन काटोविस’ और ‘काटो.हब’ के साथ हस्ताक्षरित ‘लेटर ऑफ इंटेंट’ का उल्लेख किया। इसका उद्देश्य आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, गेमिंग और डीप-टेक इनोवेशन में सहयोग को बढ़ावा देना है, जिसमें ‘कर्नाटक-काटोविस डिजिटल एंड गेमिंग कॉरिडोर’ का प्रस्ताव भी शामिल है। इस पहल से दोनों पक्षों के स्टार्टअप्स, तकनीकी कंपनियों और शोध संस्थानों को एक-दूसरे के साथ मिलकर काम करने, नई तकनीकें विकसित करने और एक-दूसरे के बाजारों में विस्तार करने के अवसर मिलने की उम्मीद है। शिवकुमार ने पोलैंड की टेक्नोलॉजी कंपनियों को बेंगलुरु में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सॉफ्टवेयर, गेमिंग, रोबोटिक्स, स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग और स्टार्टअप इनोवेशन के क्षेत्रों में मौजूद अवसरों को तलाशने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कुशल रोजगार पैदा करने के लिए रिसर्च, शिक्षा और टेक्नोलॉजी ट्रांसफर के क्षेत्र में मजबूत साझेदारी बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने पोलैंड में इंफोसिस की लगभग 20 साल की मौजूदगी का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि कर्नाटक बेंगलुरु में पोलैंड के निवेश को आसान बनाने के लिए काम करेगा, और साथ ही राज्य की कंपनियों को पोलैंड में नए अवसर तलाशने में मदद करेगा। मुख्यमंत्री ने सहयोग के लिए कुछ प्रमुख क्षेत्रों की पहचान की, जिनमें रिन्यूएबल एनर्जी (नवीकरणीय ऊर्जा), वेस्ट-टू-एनर्जी (कचरे से ऊर्जा), स्लज मैनेजमेंट, वेस्टवॉटर ट्रीटमेंट और सर्कुलर इकोनॉमी समाधान शामिल हैं। उन्होंने कहा कि कर्नाटक की पर्यावरणीय प्राथमिकताओं और टिकाऊ औद्योगिक विकास को आगे बढ़ाने के लिए पोलैंड की विशेषज्ञता का लाभ उठाया जा सकता है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved