
इन्दौर। सुपर कॉरिडोर के समीप बनने वाली आरडब्ल्यू-2 सड़क के लिए आज बाधाएं हटाने का काम शुरू किया गया। तहसीलदार, प्राधिकरण के अधिकारी और रिमूवल अमले ने वहां शुरुआत में चार ढाबे ढहाए हैं और अन्य बाधकों को चिह्नित किया गया है, जिन्हें बाद में तोड़ा जाएगा।
निगम अधिकारियों के मुताबिक सुपर कॉरिडोर के समीप आईडीए द्वारा 75 मीटर की आरडब्ल्यू-2 सड़क बनाई जाना है। यह सड़क मास्टर प्लान की सड़क है, जिसके लिए बाधाएं हटाने का काम शुरू कर दिया गया है। सुबह पुलिस बल और भारी-भरकम अमले के साथ अफसर दिलीप नगर चौराहे के समीप पहुंचे।
वहां सड़क किनारे तुलसी ढाबा, लक्ष्मी ढाबा बने हुए थे, जिन्हें हटाने की कार्रवाई की जाने लगी तो ढाबा मालिकों ने सामान हटाने के लिए कुछ समय की मोहलत मांगी। अधिकारियों ने निगम के रिमूवल अमले को लगाकर दोनों ढाबों का सामान हटाना शुरू करा दिया था। अफसरों के मुताबिक दो और ढाबे हैं, जिन्हें हटाने की कार्रवाई की जाएगी। मौके पर तहसीलदार शेखर चौधरी, रिमूवल अधिकारी बबलू कल्याणे सहित आईडीए के कई अधिकारी मौजूद थे। कुछ और बाधाएं इस सड़क में हंै, जिन्हें चिह्नित किया जा रहा है, लेकिन उन्हें बाद में हटाने की कार्रवाई होगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved