
इन्दौर। आईटी पार्क चौराहे पर निर्माणाधीन फ्लायओवर के काम में तेजी लाने के लिए अब इस चौराहे को भी कुछ समय के लिए बंद करने की तैयारी की जा रही है। मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम (एमपीआरडीसी) की मांग के बाद यातायात पुलिस ने चौराहे को बंद करने और यातायात डायवर्ट करने का प्रस्ताव तैयार कर वरिष्ठ अधिकारियों को सौंप दिया है। बताया जा रहा है कि इस संबंध में जिला कलेक्टर ही अंतिम आदेश जारी करेंगे। प्रस्ताव के अनुसार यहां दो चरणों में ट्रैफिक डायवर्शन लागू किया जाएगा।
रिंग रोड स्थित आइटी पार्क चौराहे पर बन रहे फ्लायओवर के निर्माण में लेटलतीफी का खामियाजा महीनों से वाहन चालकों को भुगतना पड़ रहा है। यहां से हर दिन हजारों वाहन गुजरते हैं और यहां यातायात का भारी दबाव रहता है। आसपास गहरे गड्ढे और धीमा यातायात वाहन चालकों के लिए मुसीबत बना हुआ है। निर्माण कार्य के चलते उड़ती धूल भी परेशानी का सबब है। निर्माण कार्य की डेडलाइन खत्म होने के बाद काम तेज करने के लिए अब संबंधित एजेंसी और काम कर रही कंपनी ने यहां के यातायात को कुछ समय के लिए बंद करने की मांग रखी है, जिसके बाद यातायात पुलिस के क्षेत्र के अधिकारियों ने मौके की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए यहां के लिए दो चरण में योजना बनाकर वरिष्ठ अधिकारियों के सामने रखी है।
योजना के मुताबिक पहले चरण में तीन इमली की ओर से आने वाले यातायात को आईटी पार्क चौराहे की तरफ आने से रोका जाएगा। इसके लिए वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि चौराहे पर यातायात का दबाव कम किया जा सके और फ्लायओवर का काम तेजी से किया जा सके। वहीं दूसरे चरण में आईटी पार्क चौराहे से प्रतीक्षा ढाबे की तरफ जाने वाले यातायात को रोका जाएगा। इस दौरान भी वाहन चालकों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा। प्रस्ताव फिलहाल वरिष्ठ अधिकारियों के पास भेजा गया है। इस पर अंतिम निर्णय कलेक्टर ही लेंगे। हालांकि ये तय है कि ये व्यवस्था दीपावली के बाद ही लागू होगी। वहीं इसमें आवश्यक बदलाव भी हो सकते हैं।
वाहन चालकों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था
चौराहा बंद होने से आसपास के मार्गों पर यातायात की स्थिति में बदलाव होगा और उन पर दबाव भी बढ़ेगा। इसे देखते हुए यातायात पुलिस वाहन चालकों के लिए वैकल्पिक मार्ग और डायवर्शन की व्यवस्था करेगी। डायवर्शन लागू होने से पहले इसकी जानकारी भी दी जाएगी, ताकि वाहन चालक अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए पहले से मार्ग तय कर सकें।
देवास नाका-मूसाखेड़ी के लिए बंद किया
हाल ही में देवास नाका फ्लायओवर का काम तेज करने के लिए यहां के रास्तों को भी डायवर्ट कर वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग दिया गया है, ताकि काम तेज हो सके। वहीं हाल ही में कलेक्टर ने मूसाखेड़ी फ्लायओवर के काम को तेज करने के लिए बसों के प्रवेश पर यहां तय समय के लिए रोक लगाई है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved