
मुरैना। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) में चीता प्रोजेक्ट के तहत वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। मादा चीता निर्वा का 19 महीने का एक नर शावक मुरैना के क्षेत्रीय वन मंडल के जंगल में घायल अवस्था में मिला था। मंगलवार को उसकी मौत हो गई। चौंकाने वाली बात ये सामने आ रही है कि उसे गोली मारी गई थी। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकि है।
बता दें कि निगरानी दल ने रविवार शाम घायल शावक को देखा था। इसके बाद रात में रेस्क्यू कर कूनो नेशनल पार्क लाया गया, जहां उसका इलाज किया जा रहा था। पर मंगलवार को उसकी मौत हो गई। वन विभाग के अनुसार, शावक को लगी चोटों के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि वह किन परिस्थितियों में घायल हुआ।
वहीं, वन्यजीव कार्यकर्ता अजय दुबे ने शिकारियों की आशंका जताते हुए कूनो प्रबंधन और वन विभाग की जवाबदेही तय करने की मांग की है। कूनो नेशनल पार्क की ओर से सोमवार को जानकारी दी गई थी कि निर्वा का 19 महीने का नर शावक मुरैना क्षेत्र के वन क्षेत्र में विचरण कर रहा था। 25 अक्टूबर की शाम निगरानी दल को वह घायल मिला। रात में उसे रेस्क्यू कर कूनो लाया गया और चिकित्सकीय जांच के बाद इलाज शुरू किया गया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved