
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा (Greater Noida) के सेक्टर पाई-1 स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की शाखा में खाताधारकों (Account holders) की करोड़ों रुपये की रकम कथित तौर पर गायब होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कई खाताधारकों की फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) समय से पहले तोड़कर रकम दूसरे खातों में ट्रांसफर कर दी गई। कुछ लोगों ने खातों से लाखों रुपये गायब होने की शिकायत की है। मामला सामने आने के बाद बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय ने शाखा प्रबंधक समेत पांच कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है। वहीं, अब तक 16 लोग पुलिस से शिकायत कर चुके हैं। पुलिस के साथ बैंक की एंटी करप्शन टीम भी मामले की जांच कर रही है।
खाते में 94 लाख रुपये थे, निकासी के लिए पहुंचे तो बचे सिर्फ 16 हजार
मामले का खुलासा तब हुआ, जब ग्रेटर नोएडा के बिरोंडी गांव निवासी गौतम अपने पिता के खाते से पैसे निकालने बैंक पहुंचे। गौतम के मुताबिक, उनके पिता का खाता सेक्टर पाई-1 स्थित PNB शाखा में है। परिवार को 50 हजार रुपये की जरूरत थी। चेकबुक नहीं होने के कारण वह सामान्य प्रक्रिया के तहत बैंक में फॉर्म भरकर पैसे निकालने पहुंचे, लेकिन कर्मचारियों ने बताया कि खाते में पर्याप्त रकम नहीं है।
गौतम ने बताया कि उनके पिता के खाते में करीब 94 लाख रुपये जमा थे। बैंक में जानकारी लेने पर पता चला कि खाते में महज 16 हजार रुपये बचे हैं। इसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की। गौतम के अनुसार, बैंक अधिकारियों ने फिलहाल रकम वापस दिलाने का आश्वासन दिया है।
जमीन अधिग्रहण के मुआवजे के 1.29 करोड़ रुपये भी गायब होने का आरोप
एक अन्य खाताधारक ने बताया कि उनकी मां के खाते में जेवर एयरपोर्ट के लिए जमीन अधिग्रहण के मुआवजे के तौर पर करीब 1 करोड़ 29 लाख रुपये आए थे। परिवार ने जरूरत के मुताबिक इसमें से लगभग 10 से 12 लाख रुपये निकाले थे। इसके बाद खाते में करीब 1 करोड़ 18 लाख रुपये शेष होने चाहिए थे, लेकिन अब खाते में एक रुपया भी नहीं बचा है।
खाताधारक के मुताबिक, परिवार को पैसों की जरूरत पड़ने पर बैंक में कथित गड़बड़ी की जानकारी मिली। उनका कहना है कि बैंक की ओर से 10 से 15 दिन के भीतर रकम वापस आने का आश्वासन दिया गया है। हालांकि, परिवार अब तक पुलिस में शिकायत देने की तैयारी कर रहा है।
बैंक ने पांच कर्मचारियों को किया सस्पेंड, नए स्टाफ की तैनाती
मामला सामने आने के बाद पंजाब नेशनल बैंक के वरिष्ठ अधिकारी शाखा पहुंचे और खाताधारकों को आश्वासन दिया। बैंक प्रबंधन ने शाखा प्रबंधक समेत पांच कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है। शाखा में नए कर्मचारियों की तैनाती भी की गई है। साथ ही कथित गड़बड़ी और लापरवाही में संबंधित कर्मचारियों की भूमिका की जांच की जा रही है।
हालांकि, बैंक की ओर से अब तक पूरे मामले में विस्तृत आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। ऐसे में यह स्पष्ट नहीं है कि कुल कितने खाताधारकों की कितनी रकम प्रभावित हुई है और कथित तौर पर पैसे किन खातों में ट्रांसफर किए गए।
पुलिस ने 16 शिकायतें मिलने की पुष्टि की
नोएडा पुलिस कमिश्नरेट के प्रवक्ता के अनुसार, थाना बीटा-2 क्षेत्र में स्थित बैंक की शाखा से जुड़े मामले में खाताधारकों की शिकायतों के समाधान के लिए बैंक प्रबंधन की ओर से आश्वासन दिया गया है। प्रकरण में शाखा प्रबंधक सहित कई कर्मचारियों को निलंबित किया गया है।
पुलिस ने मामले की जांच और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के लिए एसीपी ग्रेटर नोएडा को निर्देश दिए हैं। अब तक 16 लोगों ने शिकायत दर्ज कराई है। फिलहाल शिकायतों के आधार पर जांच की जा रही है। जांच में पता चलेगा कि खातों से रकम किस तरह निकाली गई या दूसरे खातों में ट्रांसफर हुई और कथित गड़बड़ी में किन लोगों की भूमिका रही।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved