
नई दिल्ली। अमेरिका (America) में हैलोवीन वीकेंड (Halloween Weekend) के दौरान जश्न के बीच कई शहरों में गोलीबारी की घटनाओं (Firing Incidents) ने दहशत फैला दी। नाइटलाइफ और भीड़भाड़ वाले इलाकों में हुई इन घटनाओं में कम से कम छह लोगों की मौत हो गई, जबकि दर्जनों लोग घायल हुए हैं। डलास, बर्मिंघम, नेवार्क, ब्लूमिंगटन और फेयेटविले में फायरिंग की घटनाएं सामने आई हैं। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है और सभी मामलों की जांच की जा रही है।
डलास के डीप एलम इलाके में तीन घटनाएं, चार की मौत
डलास में सबसे ज्यादा हिंसा हुई। पुलिस के मुताबिक, शहर के डीप एलम इलाके में शनिवार रात गोलीबारी की तीन अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल हुए हैं। डीप एलम संगीत, रेस्तरां और नाइटलाइफ के लिए जाना जाता है।
डलास पुलिस प्रमुख डैनियल कोमोक्स ने बताया कि जांच की जा रही है कि शनिवार रात हुई तीनों घटनाओं का आपस में कोई संबंध है या नहीं। फिलहाल गोलीबारी के पीछे की वजह भी स्पष्ट नहीं हो पाई है। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार किए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे इन घटनाओं से किस तरह जुड़े हैं।
बर्मिंघम में फुटबॉल मैच के बाद फायरिंग, एक की मौत
अलबामा के बर्मिंघम में शनिवार रात मैजिक सिटी क्लासिक फुटबॉल मैच के बाद लीजन फील्ड स्टेडियम के बाहर गोलीबारी हुई। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य घायल हो गए।
बर्मिंघम पुलिस विभाग के प्रमुख माइकल पिकेट के अनुसार, मैच खत्म होने के बाद अधिकांश दर्शक और परिवार स्टेडियम से जा चुके थे। ग्रेमोंट एवेन्यू के किनारे कुछ दुकानों के पास गोलीबारी हुई। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि घटना किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस प्रवक्ता डी’रेल फ्रीमैन ने बताया कि मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए पुलिस मुख्यालय ले जाया गया है। पुलिस ने कई हथियार भी बरामद किए हैं।
डेलावेयर यूनिवर्सिटी कैंपस के पास छह घायल
डेलावेयर राज्य के नेवार्क शहर में शनिवार को यूनिवर्सिटी ऑफ डेलावेयर कैंपस के पास गोलीबारी हुई। इसमें छह लोग घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में फायरिंग के बाद लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते दिखाई दिए। घटना के बाद पुलिस ने मेन स्ट्रीट के एक हिस्से को कई घंटों तक बंद रखा।
ब्लूमिंगटन में 19 वर्षीय युवती की मौत
इलिनोइस के ब्लूमिंगटन में रविवार सुबह हुई गोलीबारी में 19 साल की एक महिला की मौत हो गई, जबकि एक अन्य महिला गंभीर रूप से घायल हुई है। इस घटना में छह और लोग भी घायल हुए हैं, हालांकि उन्हें गंभीर चोटें नहीं आई हैं। पुलिस ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि इन छह लोगों को चोटें किन परिस्थितियों में आईं।
फेयेटविले में छह लोग घायल
अर्कांसस के फेयेटविले में रविवार सुबह गोलीबारी की घटना में छह लोग घायल हो गए। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि गोलीबारी से पहले वहां किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। फिलहाल इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
हैलोवीन स्टोर में फायरिंग, दो की मौत
इससे पहले शुक्रवार को कैलिफोर्निया और मिशिगन में ‘स्पिरिट हैलोवीन’ स्टोर में गोलीबारी की दो अलग-अलग घटनाएं हुईं। इनमें दो लोगों की मौत हुई। कैलिफोर्निया के फेयरफील्ड में एक इनडोर शॉपिंग मॉल के भीतर स्थित स्टोर में हुई गोलीबारी को पुलिस ने लक्षित हमला (टारगेटेड अटैक) बताया है। इस घटना में 31 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग घायल हुए हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved