
महिदपुर। शासन की मंशानुसार ग्रामीण क्षेत्रों में दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने, अधिक दूध उत्पादन करने वाले पशुपालकों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 30 एवं 31 अक्टूबर को वृंदावन ग्राम मकला में गोपालकृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के तहत प्रतियोगिता आयोजित की गई। योजना का उद्देश्य उत्कृष्ट दुग्ध उत्पादक गायों की पहचान कर उन्नत देशी नस्लों के पालन को प्रोत्साहित करना है। पशुपालकों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना भी उद्देश्य है।
प्रतियोगिता के लिए कुल 13 पशुपालकों ने पंजीयन कराया था। इनमें से आठ पशुपालक अपनी गायों के साथ उपस्थित हुए। प्रतियोगिता में ग्राम मकला के सुरेशचंद्र पिता रामचंद्र जोशी की गीर नस्ल की गाय ने प्रतिदिन 10.580 लीटर दूध उत्पादन के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, ग्राम मकला के सुमित पिता गोपाल जोशी की गीर नस्ल की गाय 9.970 लीटर प्रतिदिन दूध उत्पादन के साथ द्वितीय स्थान पर रही। ग्राम मकलाखेड़ा के सौदान सिंह पिता भगवान सिंह की गीर नस्ल की गाय ने 8.230 लीटर प्रतिदिन दूध उत्पादन कर तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस अवसर पर महिदपुर जनपद सीईओ डॉ. मारीशा शिंदे, अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी कमल पाटीदार, जिला पंचायत सदस्य श्याम सिंह चौहान एवं प्रताप सिंह आर्य, ग्राम पंचायत मकला के सरपंच बालाराम परमार, किसान संघ तहसील अध्यक्ष जितेंद्र सिंह चौहान, आर्य वीर दल जिला संयोजक दीपक जोशी, पंचायत सचिव राम सिंह चौहान सहित ग्रामीण उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में डॉ. उदयवीर सिंह माहोर, डॉ. महेंद्र पाल सोलंकी, डॉ. अभय सिंह, सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी एच.एस. ठाकुर, कमलेश असके, भृत्य हुकमीचंद माली, मनोहर माली सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। यह जानकारी पशु चिकित्सा विस्तार अधिकारी डॉ. अरविंद मथानिया ने दी।