
नागदा। शहर में मंडी पुलिस ने चार दिन में दो आरोपी से लगभग ढाई लाख से अधिक की स्मैक और बिरलाग्राम पुलिस ने 1 किलो 286 ग्राम गांजा पकड़ा है। मंडी पुलिस ने 29 अक्टूबर को मुक्तेश्वर मंदिर परिसर पानी की टंकी के पास से रेलवे कॉलोनी निवासी मयंक सिंह पिता वीरेंद्र सिंह को 15 ग्राम स्मैक लगभग 1 लाख 55 हजार रुपए की स्मैक के साथ पकड़ा था। मंडी पुलिस ने सोमवार को मुखबिर से मिली सूचना पर चंबल नदी पुलिया के नीचे से जी ब्लॉक टापरी हाल मुकाम सिंधी कॉलोनी निवासी 30 वर्षीय कमलेश्वर उर्फ कमलेश पिता रमाकांत चौधरी को पकड़ा है।
उसके पास से 8.09 ग्राम स्मैक जब्त हुई। जिसकी कीमत लगभग 81 हजार रुपए है। पुलिस ने आरोपी धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज किया है। आरोपी को विशेष न्यायालय में पेश कर रिमांड लिया गया है, ताकि मादक पदार्थ के स्रोत और उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की जानकारी जुटाई जा सके। आरोपी को पकडऩे में थाना प्रभारी अमृतलाल गवरी, एसआई वीरेंद्रसिंह चौहान, आरक्षक अजय चौहान, दीपक कायस्थ, रणवीर सिंह, आदिराम केवट, व सैनिक प्रदीप श्रीवास की भूमिका रही। इसी प्रकार बिरलाग्राम पुलिस ने सोमवार को एक आरोपी से लगभग 1 किलो 286 ग्राम गांजा पकड़ा है। बिरलाग्राम थाना प्रभारी जितेंद्र पाटीदार ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी चंबल तट पर पुलिया के नीचे एक व्यक्ति अवैध मादक लेकर बैठा है और वह किसी अन्य को देने वाला है। जिस पर टीम ने घेराबंदी कर संबंधित व्यक्ति को पकड़ा। उसके पास से 1 किलो 286 ग्राम गांजा मिला। युवक भगतपूरी निवासी भेरुलाल पिता छगनलाल है। उसके पास मिले गांजे की कीमत लगभग 20 हजार रुपए है। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया। जहां से 2 दिन का पुलिस रिमांड मिला है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved