
सीसीटीवी और ई-रिक्शा शोरूम से मिली लीड पर आरोपी चालक गिरफ्तार…..
इंदौर. इंदौर (Indore) के तुकोगंज थाना (Tukoganj Police Station) क्षेत्र में चार महीने पहले हुए एक हिट एंड रन (Four-month-old hit-and-run) मामले का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। नाकोड़ा बुटीक और महफिल साड़ी शॉप के सामने सड़क दुर्घटना कर मौके से फरार हुए ई-रिक्शा चालक को पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की मदद से तलाश कर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हादसे में प्रयुक्त ई-रिक्शा भी जप्त कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, करीब चार माह पूर्व तुकोगंज थाना इलाके में महफिल साड़ी शॉप के सामने एक ई-रिक्शा चालक ने वाहन को लापरवाही से चलाते हुए एक्सीडेंट कर दिया था। घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी और जांच उपरांत अज्ञात चालक के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर उसकी तलाश शुरू की गई थी।प्रकरण में खात्मा होने के स्तर पर पहुंचने के बावजूद तुकोगंज पुलिस और स्पेशल क्राइम यूनिट की टीम ने हार नहीं मानी और घटना की तह तक पहुंचने के प्रयास जारी रखे। टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया और नाकोड़ा बुटीक के चौकीदार से मिली जानकारी के आधार पर मुखबिरों को सक्रिय किया। विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने ई-रिक्शा कंपनी के शोरूम से भी महत्वपूर्ण डेटा जुटाया।तकनीकी साक्ष्यों और कड़ी से कड़ी जोड़ने के बाद पुलिस टीम ने घटना में शामिल ई-रिक्शा क्रमांक MP09 DF-2725 को चिन्हित कर लिया। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर चालक जयंत सिंह गुंसारी निवासी आजाद नगर को धर दबोचा। पूछताछ में आरोपी जयंत ने सड़क दुर्घटना करना स्वीकार कर लिया है। तुकोगंज थाना पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर ई-रिक्शा जप्त कर लिया है और अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved